नई दिल्ली. उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीबीआई और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सीबीआई रेड के 10 दिन बीत गए हैं, लेकिन एजेंसी अभी तक नहीं बता पाई है कि मेर घर से उन्हें क्या मिला. उन्होंने कहा कि बीजेपी की तरफ से जितने आरोप लगाए गए सब झूठे हैं. सिसोदिया ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि जहां भी इनकी सरकार है वहां सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए. ये अनपढ़ लोग सभी को अनपढ़ बनाना चाहते हैं.
मनीष सिसोदिया ने कहा कि आज सुनने में आ रहा है कि BJP ने शराब को छोड़ स्कूल का मुद्दा उठाना शुरू कर दिया है. पहले तो ये शराब- शराब बोलते रहे. तथाकथित घोटाले की जांच सीबीआई ने की. वहां से कुछ नहीं निकला तो कह रहे हैं कि स्कूल बनाने में घोटाला हुआ है.
रेड के 10 दिन हो गए
डिप्टी सीएम ने कहा कि मेरे घर में रेड पड़ी पर कुछ नहीं निकला. रेड के 10 दिन हो गए लेकिन कुछ नहीं बता रहे हैं. सिसोदिया ने कहा कि मेरे घर से स्कूलों के नक्शे और काग़ज़ निकले होंगे. उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि ये अनपढ़ गंवार लोगों की पार्टी है और ये चाहते हैं कि पूरा देश अनपढ़ गंवार रहे. मेरे स्कूलों की जांच करो लेकिन ये भी जांच करो कि 2014 से सरकारी स्कूल देश भर में क्यों बंद हो रहे हैं. आज देश के 80% बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं. दिल्ली ने देश और पूरी दुनिया को सरकारी स्कूलों को लेकर एक कॉन्फिडेंस दिया है.