
चेन्नई. अभिनेत्री तृषा कृष्णन ने शुक्रवार को अपने सहकर्मी मंसूर अली खान की लैंगिक टिप्पणी को लेकर मांगी गई माफी स्वीकार कर ली, जिसके बाद अब यह विवाद थमता हुआ नजर आ रहा है. हालांकि, खान के खिलाफ पुलिस में अभी भी शिकायत दर्ज है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पूछताछ के लिए पुलिस के सामने पेश हुए खान ने कहा कि जब उन्हें पता चला कि कृष्णन उनकी टिप्पणी से दुखी हैं तब उन्होंने पुलिस अधिकारी के सामने खेद व्यक्त किया.
तमिल अभिनेता ने कहा, ”फिल्म उद्योग में मेरी सहयोगी तृषा, मुझे माफ कर दो.” अभिनेत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स ‘पर अपनी प्रतिक्रिया में लिखा, ”गलती करना मानवीय प्रवृत्ति है, क्षमा करना ईश्वरीय प्रवृत्ति है.” उन्होंने खान की माफी का कोई सीधा संदर्भ नहीं दिया.
खान ने कुछ दिन पहले कहा था कि वह माफी नहीं मांगेंगे. उन्होंने कहा था कि उनकी टिप्पणी का गलत मतलब निकाला गया.
एक्टर्स एसोसिएशन, ‘द साउथ इंडियन आर्ट्ट्सिस एसोसिएशन’ (एसआईएए) ने 19 अक्टूबर 2023 को कृष्णन के खिलाफ टिप्पणी के लिए अभिनेता मंसूर अली खान की कड़ी निंदा की और उनसे सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की मांग की.
एसआईएए ने कहा था कि ‘कॉमेडी के नाम पर’ त्रिशा पर खान की टिप्पणी आपत्तिजनक और अपमानजनक थी. इसके अलावा उन्होंने दो अन्य अभिनेत्रियों, खुशबू और रोजा का जो संदर्भ दिया था वह भी आपत्तिजनक था. राष्ट्रीय महिला आयोग की शिकायत के बाद यहां ‘थाउजेंड लाइट ऑल वुमेन’ पुलिस ने खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी.



