भारत में एआई, क्लाउड क्षमता के विस्तार में तीन अरब डॉलर का निवेश करेगी माइक्रोसॉफ्ट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Jan 2025 08:05 PM
भारत में एआई, क्लाउड क्षमता के विस्तार में तीन अरब डॉलर का निवेश करेगी माइक्रोसॉफ्ट
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सत्य नडेला ने मंगलवार को कहा कि कंपनी भारत में अपनी क्लाउड कंप्यूटिंग और कृत्रिम मेधा (एआई) क्षमताओं के विस्तार के लिए तीन अरब डॉलर (करीब 25,700 करोड़ रुपये) का निवेश करेगी.

नडेला ने यहां प्रौद्योगिकी कंपनियों और स्टार्टअप इकाइयों के संस्थापकों तथा अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी 2030 तक भारत में एक करोड़ लोगों को एआई कौशल का प्रशिक्षण भी देगी. हाल ही में कई प्रौद्योगिकी दिग्गजों ने भारत की यात्रा की है और अब इस सूची में नडेला का भी नाम जुड़ गया है. 1.4 अरब की आबादी वाला भारत कृत्रिम मेधा (एआई) क्षेत्र में काफी प्रगति कर रहा है.

नडेला ने कहा कि भारत में तीन अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश किसी भी देश में किया गया ” सबसे बड़ा विस्तार ” होगा. उन्होंने कहा, ” भारत में एआई की प्रसार दर बेहतरीन है.” हालांकि, उन्होंने इस निवेश के लिए कोई समयसीमा नहीं बताई. माइक्रोसॉफ्ट एज़्योर ब्रांड नाम के तहत अपनी क्लाउड कंप्यूटिंग सेवाएं प्रदान करती है. इसके 60 से अधिक एज़्योर क्षेत्र हैं जिनमें 300 से अधिक डेटा सेंटर शामिल हैं.

नडेला ने कहा, ” भारत में हम अपने सभी क्षेत्रों को लेकर उत्साहित हैं. हमारे पास मध्य भारत, दक्षिण भारत, पश्चिम भारत और दक्षिण-मध्य भारत है. हमारे पास वे क्षमताएं भी हैं, जिन्हें हमने जियो के साथ मिलकर विकसित किया है. हम क्षेत्रीय स्तर पर काफी विस्तार कर रहे हैं.” नडेला ने फरवरी, 2024 में आखिरी बार भारत की यात्रा की थी. उस समय उन्होंने घोषणा की थी कि कंपनी 2025 तक देश में 20 लाख लोगों को एआई कौशल का अवसर प्रदान करेगी, जो छोटे शहरों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को प्रशिक्षित करने पर केंद्रित होगा.

माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन ने सोमवार को नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात की. नडेला ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में कृत्रिम मेधा मिशन, भारत के बुनियादी ढांचे और उद्यमी महत्वाकांक्षाओं सहित कई मुद्दों पर अपने विचार साझा किए. उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ” भारत को कृत्रिम मेधा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की हमारी प्रतिबद्धता पर काम करने को लेकर उत्साहित हूं.” नडेला की इस पोस्ट पर प्रधानमंत्री ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह ” भारत में माइक्रोसॉफ्ट महत्वाकांक्षी विस्तार तथा निवेश योजनाओं के बारे में जानकर खुश हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu