आप आये तो फिर झूठ की बयार बहने लगी मोदी जी: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 07 Jul 2023 08:59 PM
आप आये तो फिर झूठ की बयार बहने लगी मोदी जी: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर एक रैली में भाषण के दौरान ”झूठ” बोलने का आरोप लगाया. राजधानी रायपुर में प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर भ्रष्टाचार करने और किसानों से धान खरीदने को लेकर उन्हें गुमराह करने का आरोप लगाया था.

बघेल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया, “आप आए तो फिर झूठ की बयार बहने लगी मोदी जी. प्रदेश भाजपा के नेता लगातार किसानों को गुमराह कर रहे थे कि धान खरीदी केंद्र के पैसों से होती है. आप प्रधानमंत्री हैं, आपको तो सच पता है, लेकिन आप भी झूठ बोल गए.” बघेल ने कहा, “यह किसानों के नाम पर सबसे बड़ा झूठ है कि राज्य के धान उपार्जन का 80 प्रतिशत केंद्र ले लेता है. अगर आपकी सरकार की भूमिका राज्यों के धान खरीदी में इतनी ही है तो आपके लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में किसान 1000-1200 रुपए क्विंटल में धान क्यों बेचने पर मजबूर हैं मोदी जी?”

मुख्यमंत्री ने ट्वीट में लिखा, “आपको छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं ने गलत जानकारी दी और आप भाषण पढ़कर चले गए. छत्तीसगढ़ का बच्चा-बच्चा जानता है कि हमने गंगाजल की कसम दस दिनों के भीतर किसानों की कर्जमाफी के लिए खाई थी और दो घंटों के भीतर कर्ज माफी हो गई थी.

लेकिन भाजपा की सूई अटक गई है.” बघेल ने इसमें कहा, “भाजपा का ‘2100 रूपए क्विंटल’ और ‘बोनस’ का कभी पूरा न हुआ वादा किसानों को ठीक तरह से याद है. वो ये भी जानते हैं कि कांग्रेस की सरकार उनके लिए क्या कुछ कर रही है. अब छत्तीसगढ़ के किसानों को कोई गुमराह नहीं कर सकता. आप भी नहीं.” प्रधानमंत्री मोदी ने रैली के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि भ्रष्टाचार के बिना कांग्रेस सांस भी नहीं ले सकती है, भ्रष्टाचार कांग्रेस की सबसे बड़ी विचारधारा है.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गंगाजल हाथ में लेकर राज्य में सरकार बनने पर शराबबंदी समेत अन्य वादे 10 दिनों के भीतर पूरा करने की कसम खाई थी. राज्य में इस वर्ष के अंत में विधानसभा के चुनाव होने हैं. वर्ष 2019 में दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी की यह पहली छत्तीसगढ़ यात्रा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav