मोदी ने नेतन्याहू से कहा- इस मुश्किल घड़ी में इजराइल के साथ हैं भारत के लोग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 10 Oct 2023 08:42 PM
मोदी ने नेतन्याहू से कहा- इस मुश्किल घड़ी में इजराइल के साथ हैं भारत के लोग
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अपने इजराइली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू से कहा कि इस मुश्किल घड़ी में भारत के लोग उनके देश के साथ दृढ.ता से खड़े हैं. इजराइल के प्रधानमंत्री ने हमास के खिलाफ जवाबी हमलों के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन कर अद्यतन स्थिति से अवगत कराया.

हमास के चरमपंथियों ने इजराइल की दक्षिणी सीमा पर सप्ताहांत में हमले कर सैकड़ों इजराइलियों को मार दिया था. प्रधानमंत्री मोदी के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि उन्होंने मारे गये और घायल हुए लोगों के प्रति अपनी गहन संवेदना प्रकट की. मोदी ने इजराइल में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया. नेतन्याहू ने मोदी को पूरे सहयोग का आश्वासन दिया.

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”मैं प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के फोन कॉल के लिए और मौजूदा हालात पर जानकारी देने के लिए उन्हें शुक्रिया अदा करता हूं. भारत की जनता इस मुश्किल घड़ी में मजबूती से इजराइल के साथ खड़ी है. भारत आतंकवाद के सभी स्वरूपों की पुरजोर और स्पष्ट रूप से निंदा करता है.” इजराइल के राजदूत नाओर गिलन ने उनके देश को भारतीयों से मिले समर्थन के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया.

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, एक बार फिर शुक्रिया. हमें अपने भारतीय भाइयों और बहनों से इतना सहयोग मिला है और दुर्भाग्य से मैं आप सभी को व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद व्यक्त करने में असमर्थ हूं. इसे हमारे सभी मित्रों के लिए मेरे आभार के रूप मे स्वीकार किया जाए.” हमास चरमपंथियों द्वारा इस सप्ताहांत में इजराइल पर किये गये अभूतपूर्व हमले के बाद इजराइल के युद्धक विमान गाजा पर निशाना साध रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu