धन शोधन मामला: अदालत ने राउत की न्यायिक हिरासत पांच सितंबर तक बढ़ाई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Aug 2022 07:07 PM
धन शोधन मामला: अदालत ने राउत की न्यायिक हिरासत पांच सितंबर तक बढ़ाई
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई की एक विशेष अदालत ने शहर में एक चॉल के पुर्निवकास में कथित अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन के मामले में शिवसेना के सांसद संजय राउत की न्यायिक हिरासत की अवधि सोमवार को पांच सितंबर तक बढ़ा दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राउत (60) को गोरेगांव उपनगर स्थित पात्रा चॉल के पुर्निवकास में कथित वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में एक अगस्त को गिरफ्तार किया था.

ईडी की हिरासत में रहने के बाद शिवसेना के नेता को आठ अगस्त को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था. धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) से जुड़े मामलों की सुनवाई कर रहे विशेष न्यायाधीश एम. जी. देशपांडे ने सोमवार को राउत की हिरासत अवधि पांच सितंबर तक बढ़ा दी. ईडी ने अदालत को बताया कि मामले में उसकी जांच अब भी जारी है.

ईडी की जांच पात्रा चॉल के पुर्निवकास में कथित वित्तीय अनियमितताओं और राउत की पत्नी तथा सहयोगियों से संबद्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़ी है. महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के करीबी संजय राउत ने इन सभी आरोपों को खारिज किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu