मुख्यमंत्री मितान योजना को डिजिटल नवाचार के लिए उत्कृष्ट परियोजना हेतु UP सरकार ने किया पुरस्कृत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Aug 2023 07:28 PM
मुख्यमंत्री मितान योजना को डिजिटल नवाचार के लिए उत्कृष्ट परियोजना हेतु UP सरकार ने किया पुरस्कृत
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री मितान योजना अपने डिजिटल नवाचार के लिए उत्तरप्रदेश में सराही गई है. उत्तर प्रदेश सरकार ने डिजिटल नवाचार में उत्कृष्ट परियोजना श्रेणी में मुख्यमंत्री मितान योजना को पुरस्कृत किया है. यह पुरस्कार लखनऊ में हुए सम्मान समारोह में दिया गया. यह पुरस्कार उत्तर प्रदेश योजना एवं निवेश कान्क्लेव में दिया गया. इस कान्क्लेव का आयोजन उत्तरप्रदेश सरकार तथा इलेट्स ने किया था. मुख्यमंत्री मितान योजना के लिए छत्तीसगढ़ को यह सम्मान डिजिटल माध्यम का उपयोग करते हुए नगरीय सेवाओं को आसानी से आम जनता को उपलब्ध कराने दिया गया.

कान्क्लेव में कहा गया कि डिजिटल माध्यम से लोगों को सुविधाओं तक पहुंच आसान होती है. साथ ही इसमें पारदर्शिता भी बढ़ती है. नगरीय निकायों में दी जाने वाली सुविधाओं के लिए डिजिटल माध्यम के उपयोग से नागरिकों को काफी राहत मिलती है. ऐसे में छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री मितान योजना का नवाचार लाखों नगरवासियों के लिए काफी राहत भरी योजना है. इससे भागदौड़ भरी जिंदगी में रह रही बड़ी नागरिक आबादी को निगम की सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो जाती हैं.

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में नागरिक सेवाओं की गुणवत्तापूर्ण और समय पर डिलीवरी के लिए यह योजना तैयार की गई है. मितान योजना के माध्यम से अब तक एक लाख बीस हजार सर्टिफिकेट दिये जा चुके हैं. मितान योजना के माध्यम से नगरीय क्षेत्रों में 25 तरह की सुविधाओं का लाभ लिया जा सकता है. इसमें टोल फ्री नंबर 14545 में काल करना होता है. इसके बाद मितान आपसे संपर्क करते हैं. निर्धारित दिन शेड्यूल कर दिया जाता है. सारे जरूरी प्रमाणपत्र मितान स्कैन कर लेते हैं और निगम कार्यालय जाए बगैर नागरिक का काम आसानी से हो जाता है. पहले प्रदेश के 14 नगरीय निकायों में यह व्यवस्था लागू थी अब सभी नगरपालिकाओं में भी यह व्यवस्था लागू हो गई है.

मुख्यमंत्री मितान योजना के लागू हो जाने के बाद आय प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाणपत्र, भूमि के रिकार्ड की नकल, भूमि सूचना, दुकान और स्थापना पंजीकरण संबंधी दस्तावेज जैसी बुनियादी सुविधाएं बहुत आसानी से मितान के माध्यम से लोगों को प्राप्त हो रही हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu