रोहित शर्मा की शानदार पारी से मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Apr 2025 11:24 PM
रोहित शर्मा की शानदार पारी से मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराया
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. रोहित शर्मा (70) के लगातार दूसरे अर्धशतक की मदद से मुंबई इंडियंस ने बुधवार को आईपीएल के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराया . मुंबई इंडियंस की यह लगातार चौथी जीत है जिसके बाद टीम अंकतालिका में छठे से तीसरे स्थान पर पहुंच गई है . सनराइजर्स हैदराबाद के आठ विकेट पर 143 रन के जवाब में मुंबई ने 15 . 4 ओवर में तीन विकेट पर 146 रन बनाये . रोहित ने 46 गेंद में आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 70 रन की पारी खेली .

सूर्यकुमार यादव ने 19 गेंद में नाबाद 40 रन बनाये जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे . रोहित ने तीसरे ओवर में पैट कमिंस की आफ कटर पर डीप स्कवेयर लेग के ऊपर से छक्का और फिर चौका लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिये थे . इंपैक्ट सब्स्टीट्यूट के रूप में खेल रहे रोहित ने हालात को बखूबी पढा और उसके अनुसार खेला . उन्होंने जयदेव उनादकट को कवर के ऊपर दूसरा छक्का लगाया . इससे पहले हेनरिक क्लासेन के 44 गेंद में 71 और अभिनव मनोहर के 43 रन की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने खराब शुरूआत से उबरते हुए आठ विकेट पर 143 रन बनाये .

सनराइजर्स की शुरूआत बहुत खराब रही और उसके पांच विकेट सिर्फ 35 रन पर गिर गए थे . इसके बाद क्लासेन ने पारी को संभाला . दक्षिण अफ्रीका के इस बल्लेबाज ने 44 गेंद की अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाये . उन्होंने इंपैक्ट सब्स्टीट्यूट अभिनव के  साथ 99 रन की साझेदारी की . अभिनव ने 37 गेंद में दो चौकों और तीन छक्कों के साथ 43 रन बनाये . अंकतालिका में नीचे से दूसरे स्थान पर काबिज सनराइजर्स का शीर्षक्रम सपाट और कठोर विकेट पर टिक नहीं सका .

सनराइजर्स के शीर्षक्रम के बल्लेबाजों ने पूरी तरह निराश किया . ईशान किशन (एक) ने मैदान से जाने का फैसला किया जबकि गेंद उनके बल्ले को छूकर विकेटकीपर के हाथ में नहीं गई थी . दीपक चाहर की गेंद लेग साइड के बाहर से जा रही थी जिसे अंपायर ने वाइड करार दिया लेकिन किशन को वापिस जाते देख उन्होंने ऊंगली उठा दी. गेंदबाज या विकेटकीपर रियान रिकेलटन ने अपील भी नहीं की थी .

ट्रेविस हेड (0) ने ट्रेंट बोल्ट की आफ स्टम्प से बाहर जाती गेंद पर थर्ड मैन में नमन धीर को कैच थमाया. अभिषेक शर्मा (आठ) ने छक्के के साथ शुरूआत की लेकिन बोल्ट की गेंद पर विग्नेश पुथुर को कैच दे बैठे . वहीं नीतिश कुमार रेड्डी ने चाहर की गेंद पर मिडआन में मिचेल सेंटनेर को कैच थमाया.

पावरप्ले में सनराइजर्स के चार विकेट 24 रन पर गिर गए थे .इसके बाद अनिकेत वर्मा को मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या ने आउट किया. नौ ओवर के भीतर पांच विकेट 35 रन पर गिरने के बाद क्लासेन ने मोर्चा संभाला . उन्होंने पुथुर को दसवें ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाया . इसके बाद पंड्या को तीन चौके लगाये. दूसरे छोर से क्लासेन को सहयोग नहीं मिला . अभिनव ने बड़ा शॉट खेलने से पहले सात गेंदें खराब की . क्लासेन को जसप्रीत बुमराह ने तिलक वर्मा के हाथों लपकवाया जबकि अभिनव को बोल्ट ने पवेलियन भेजा . बुमराह का यह 300वां टी20 विकेट था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu