महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर नक्सली शिविर का भंडाफोड़, विस्फोटक जब्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Mar 2024 07:03 PM
महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर नक्सली शिविर का भंडाफोड़, विस्फोटक जब्त
ऑडियो सुनें

गढ़चिरौली. गढ़चिरौली पुलिस ने महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर नक्सलियों के एक शिविर का भंडाफोड़ किया है और वहां से कुछ जिलेटिन की छड़ें, डेटोनेटर और अन्य सामान जब्त किया है. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने एक विज्ञप्ति में कहा कि पुलिस को शुक्रवार देर रात खुफिया जानकारी मिली कि कुछ हथियारबंद नक्सली आगामी लोकसभा चुनाव से पहले विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए चुटिनटोला गांव के पास महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर डेरा डाले हुए हैं.

स्थानीय पुलिस और गढ़चिरौली पुलिस की एक विशेष लड़ाकू इकाई सी-60 टीमों द्वारा तुरंत एक नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया गया. अधिकारी ने बताया कि शनिवार सुबह ‘सी-60’ इकाइयां 450 मीटर ऊंची पहाड़ी की चोटी पर पहुंच गईं, जहां से नक्सली भाग चुके थे. उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान पहाड़ी की चोटी पर एक बड़ा आश्रय स्थल और नक्सली शिविर पाया गया. उन्होंने बताया कि नक्सली बेहद कठिन इलाके और पहाड़ों का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे. अधिकारी ने कहा कि डेटोनेटर, जिलेटिन की छड़ें सहित कई सामान जब्त करके शिविर को नष्ट कर दिया गया. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से लगी सीमा पर नक्सल विरोधी अभियान तेज कर दिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu