कबीरधाम जिले में नक्सली दंपती ने किया आत्मसमर्पण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Apr 2025 06:52 PM
कबीरधाम जिले में नक्सली दंपती ने किया आत्मसमर्पण
ऑडियो सुनें

कवर्धा. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सात लाख रुपए के इनामी नक्सली दंपती ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में रमेश उर्फ आटम गुड्डू (29) और उसकी पत्नी सविता उर्फ लच्छी पोयम (21) ने आज सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया.

अधिकारियों ने बताया कि रमेश के सिर पर पांच लाख रुपए तथा सविता पर दो लाख रुपए सहित कुल सात लाख रुपए का इनाम है.
उन्होंने बताया कि आत्मसर्मिपत नक्सली रमेश महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ :एमएमसी: जोन के अंतर्गत गोंदिया-राजनांदगांव-बालाघाट :जीआरबी: डिवीजन कमेटी का सक्रिय सदस्य था. वहीं उसकी पत्नी सविता टांडा एरिया कमेटी की सदस्य के रूप में कार्यरत थी.

अधिकारियों ने बताया कि दोनों पिछले आठ वर्षों से एमएमसी क्षेत्र में सक्रिय रहकर नक्सली गतिविधियों में संलग्न थे. वर्ष 2019 में भोरमदेव थाना क्षेत्र के अंतर्गत बकोदा गांव के जंगल में हुई मुठभेड़ में रमेश घायल हुआ था. उन्होंने बताया कि संगठन में रहते हुए रमेश 12 बोर बंदूक का उपयोग करता था तथा सविता आठ एमएम राइफल रखती थी.

अधिकारियों ने बताया कि दोनों ने संगठन में हो रहे आंतरिक संघर्ष, अमानवीय व्यवहार, स्थानीय आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार तथा जंगल में कठिन जीवन से त्रस्त होकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया. उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत नक्सली दंपती को 25-25 हजार रूपए नकद प्रदान किया गया है. उन्हें शासन की पुनर्वास नीति के अनुसार अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu