नारायणपुर में नक्सलियों ने पुलिसकर्मी के भाई की हत्या की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 01 Jul 2024 08:02 PM
नारायणपुर में नक्सलियों ने पुलिसकर्मी के भाई की हत्या की
ऑडियो सुनें

नारायणपुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में नक्सलियों ने पुलिसकर्मी के भाई का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सन्नू उसेंडी (30) का शव रविवार रात जिले के ओरछा गांव के बटुमपारा चौक पर बरामद किया गया. उन्होंने बताया कि उसेंडी राज्य पुलिस की इकाई ‘बस्तर फाइटर्स’ के एक सिपाही का भाई था. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के कोहकामेटा इलाके का निवासी उसेंडी नारायणपुर शहर में रह रहा था और उसकी एक चाय की दुकान थी.

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार (28 जून) को नारायणपुर जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर कोहकामेटा के नजदीक कुतुल गांव के एक स्थानीय बाजार से नक्सलियों ने उसेंडी को अगवा कर लिया था. अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों को संदेह था कि उसेंडी पुलिस का मुखबिर है जिसके चलते उन्होंने उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को कुतुल से लगभग 20 किलोमीटर दूर ओरछा में फेंक दिया.

उन्होंने बताया कि उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा शव को बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों का पता लगाने के लिए इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu