राजग सरकार शपथ ले रही है, मोदी सरकार नहीं: मनोज झा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Jun 2024 07:29 PM
राजग सरकार शपथ ले रही है, मोदी सरकार नहीं: मनोज झा

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता मनोज झा ने रविवार को कहा कि इस बार राष्ट्रीय जनता दल (राजग) सरकार शपथ ले रही है न कि ”मोदी सरकार.” उन्होंने उम्मीद जतायी कि सत्तारूढ. सरकार रोजगार उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर काम करेगी.
झा ने यह भी कहा कि राजद शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होगा और कांग्रेस प्रमुख एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ‘इंडिया’ गठबंधन का प्रतिनिधित्व करेंगे. नरेन्द्र मोदी रविवार को अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ प्रधानमंत्री के रूप में लगातार तीसरी बार शपथ लेंगे.

झा ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ”राजग सरकार आज शपथ ले रही है…लंबे समय के बाद, यह मोदी सरकार नहीं, राजग सरकार है.” राजद नेता ने कहा, “हमें उम्मीद है कि इस बार समाज में ध्रुवीकरण कम होगा, कमजोर वर्गों के जीवन में सुधार होगा और सरकार साठगांठ वाले पूंजीवाद से मुक्त होगी. आज युवाओं की सबसे बड़ी जरूरत रोजगार है, इसलिए रोजगार एक बड़ा मुद्दा है, उन्हें इस पर काम करना चाहिए.” राज्यसभा सदस्य झा ने चुनाव प्रचार को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला. उन्होंने कहा, “प्रचार के दौरान इसने ‘भैंस’ से लेकर ‘मंगलसूत्र’ और ‘मुजरा’ तक का उल्लेख किया. मुझे उम्मीद है कि वह अपने रवैये में सुधार करेगी.”

लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार के दौरान गुजरात के बनासकांठा में एक रैली में मोदी ने चेतावनी दी थी कि कांग्रेस लोगों की भैंसें छीन लेगी. उन्होंने उत्तर प्रदेश के अलीगढ. में एक अन्य रैली में कहा था कि अगर कांग्रेस केंद्र में सत्ता में आयी तो वह सुहागिनों का ‘मंगलसूत्र’ छीन लेगी. बिहार के पटना में एक रैली में मोदी ने विपक्ष पर वोट के लिए ‘मुजरा’ करने का आरोप लगाया था. झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड) ‘किंगमेकर’ के रूप में उभर रही है, इसलिए उसे बिहार की विशेष दर्जे की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा कराना चाहिए.

झा ने कहा, “तेजस्वी (यादव) ने साफ कहा है कि नीतीश जी किंगमेकर की भूमिका में हैं. हमें उम्मीद है कि विशेष दर्जे और विशेष पैकेज की मांग जारी रहेगी.” उन्होंने कहा, “देश भर में जाति जनगणना होनी चाहिए और बिहार में आरक्षण में वृद्धि को संविधान की अनुसूची 9 में जोड़ा जाना चाहिए. बिहार के लिए कृषि आधारित उद्योगों का खाका भी बनाया जाना चाहिए.” यह पूछे जाने पर कि क्या वह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे, झा ने कहा कि कुछ कार्ड रविवार को ही उन्हें दिए गए थे, लेकिन उनके लिए 24 घंटे पहले इसकी प्रतिपुष्टि भेजना जरूरी था. उन्होंने कहा, “इंडिया गठबंधन की ओर से राज्यसभा में हमारे नेता मल्लिकार्जुन खरगे इसमें शामिल होंगे.”

By Yogesh Kumar Sahu