
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में अपने प्रदर्शन से दक्षिण भारत में ‘नयी राजनीति’ की नींव मजबूत की है. राजग संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने केरल में त्रिशूर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार सुरेश गोपी की जीत की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार उनकी पार्टी का कोई प्रतिनिधि राज्य से संसद के निचले सदन में पहुंचा है.
मोदी ने तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव में राजग के चुनावी प्रदर्शन का उल्लेख किया और कहा कि हालांकि भाजपा समेत उसका गठबंधन राज्य में एक भी सीट नहीं जीत सका लेकिन वहां उसके वोट प्रतिशत में वृद्धि ने भविष्य के लिए एक ‘स्पष्ट संदेश’ दिया है.
मोदी ने अपने संबोधन में कहा, ”इस चुनाव में राजग ने दक्षिण भारत में नयी राजनीति की नींव मजबूत की है.” कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, ”उन्होंने हाल ही में कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी सरकार बनाई है. लेकिन लोगों का विश्वास (कांग्रेस में) तुरंत टूट गया. वे भ्रम से बाहर आए और दोनों राज्यों में राजग को गले लगा लिया.”
तमिलनाडु टीम को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा, ”वहां हमारा राजग परिवार बहुत बड़ा है. तमिलनाडु में राजग के कई सहयोगियों के पास अपना उम्मीदवार नहीं था. लेकिन इस झंडे को ऊंचा रखने के लिए वे पूरी तरह जुट गए. हालांकि हम तमिलनाडु में एक भी सीट नहीं जीत पाए लेकिन जिस तेजी से हमारा वोट शेयर बढ़ा है उससे यह स्पष्ट संदेश गया है कि कल के लिए क्या लिखा हुआ है.” तमिलनाडु में भाजपा और राजग के उसके सहयोगी दलों ने सभी 39 सीट पर चुनाव लड़ा था. भाजपा ने 23 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे थे.
इस चुनाव में तमिलनाडु में राजग ने कुल मिलाकर 18.28 प्रतिशत वोट हासिल किए, जो 3.31 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है. अकेले भाजपा के अपने वोट शेयर में 2019 में 3.6 प्रतिशत से बढ़कर इस बार 11.24 प्रतिशत की वृद्धि हुई. मोदी ने राज्य में राजनीतिक हिंसा की विभिन्न घटनाओं में भाजपा कार्यकर्ताओं की कथित हत्याओं का परोक्ष संदर्भ देते हुए कहा, ”केरल में हमारे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अपने जीवन का बलिदान दिया.”
उन्होंने कहा, ”अगर भारतीय राजनीतिक जीवन में एक विशेष विचारधारा के साथ रहने वाले लोगों के खिलाफ इस तरह के अत्याचार हुए हैं, तो मैं कह सकता हूं कि यह केरल में हुआ है. यह जम्मू कश्मीर में जो हुआ… उससे कहीं अधिक हुआ है.” मोदी ने स्पष्ट तौर पर गोपी के संदर्भ में कहा, ”कोई जीत नहीं दिख रही थी. फिर भी, वे अत्यधिक प्रयास करने से कभी पीछे नहीं हटे. इस पर पीढि.यां बिताईं. और, आज पहली बार, हमारा प्रतिनिधि केरल से संसद में आया है.” उन्होंने आंध्र प्रदेश की कुल 25 लोकसभा सीट में से 21 पर राजग की जीत की सराहना की और कहा कि गठबंधन को इतना बड़ा जनादेश देश की प्रगति के लिए लोगों की इच्छा का प्रतिबिंब है. आंध्र प्रदेश में राजग के घटक तेलुगू देशम पार्टी ने 16 लोकसभा सीट जीतीं, जबकि भाजपा ने तीन और जन सेना पार्टी ने दो सीट पर जीत दर्ज की.



