NIA ने खालिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई तेज की, पांच आतंकियों पर इनाम घोषित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Sep 2023 08:58 PM
NIA ने खालिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई तेज की, पांच आतंकियों पर इनाम घोषित
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. खालिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज करते हुए राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने बुधवार को हरविंदर सिंह संधू उर्फ ‘रिंदा’ और लखबीर सिंह संधू उर्फ ‘लांडा’ सहित प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के पांच सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को नकद इनाम दिए जाने की घोषणा की.

संघीय एजेंसी ने रिंदा और लांडा प्रत्येक के लिए 10 लाख रुपये के इनाम और परमिंदर सिंह खैरा उर्फ ‘पट्टू’, सतनाम सिंह उर्फ ”सतबीर सिंह” और यादविंदर सिंह उर्फ ”यद्दा” पर पांच लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की. एनआईए के एक प्रवक्ता ने कहा कि ये पांच आतंकवादी भारत की शांति व सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने और पंजाब में आतंक फैलाने के उद्देश्य से बीकेआई की आतंकवादी गतिविधियों को लेकर दर्ज एक मामले में वांछित हैं. यह मामला इस साल की शुरुआत में दर्ज किया गया था.

उन्होंने कहा कि वांछित आतंकवादियों पर पंजाब में मादक पदार्थों की तस्करी के माध्यम से और व्यापारियों व अन्य प्रमुख व्यक्तियों से बड़े पैमाने पर जबरन वसूली के जरिये प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बीकेआई के लिए धन जुटाने के अलावा आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने का आरोप है. प्रवक्ता ने कहा कि जांच से पता चला है कि पांचों आतंकवादी आर्थिक लाभ का वादा करके बीकेआई के लिए नये सदस्यों को भर्ती करने में लगे हुए हैं.

अधिकारी ने कहा, ”उन्होंने भारत के विभिन्न हिस्सों में अपनी आतंकी गतिविधियों को आगे बढ.ाने के लिए विभिन्न देशों में अपने गुर्गों का एक नेटवर्क भी स्थापित किया है.” मूल रूप से महाराष्ट्र का निवासी रिंदा आतंकवादी सूची में शामिल है और बीकेआई का सदस्य है. वह पाकिस्तान में रह रहा है. वहीं, लांडा, खैरा, सतनाम और यादविंदर पंजाब के निवासी हैं.

प्रवक्ता ने टेलीफोन और व्हाट्सएप नंबर साझा करते हुए कहा, ”पांच वांछित आतंकवादियों की गिरफ्तारी से जुड़ी कोई भी विशेष जानकारी नयी दिल्ली में एनआईए मुख्यालय या चंडीगढ. में एनआईए शाखा कार्यालय के साथ साझा की जा सकती है.” इस बीच, एनआईए ने देश में आतंकी-गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने के लिए पिछले साल दर्ज दो मामलों की जांच में वांछित 54 व्यक्तियों की तस्वीरों के साथ दो सूची सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा कीं. एक सूची में 11 व्यक्तियों और दूसरे में 43 व्यक्तियों का नाम शामिल है.

इस सूची में गोल्डी बराड़, लॉरेंस बिश्नोई, अनमोल बिश्नोई और अर्शदीप सिंह गिल सहित कई वांछित गैंगस्टर शामिल हैं. एजेंसी ने मोबाइल नंबर साझा करते हुए कहा, ”यदि आपके पास इनके नाम पर या इनके सहयोगियों, दोस्तों और रिश्तेदारों के स्वामित्व वाली संपत्तियों/परिसंपत्तियों/व्यवसाय के बारे में कोई जानकारी है, तो कृपया व्हाट्सऐप पर सूचित करें.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu