एनआईए की कई जगहों पर छापेमारी, छोटा शकील का एक साथी को हिरासत में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 09 May 2022 06:03 PM
एनआईए की कई जगहों पर छापेमारी, छोटा शकील का एक साथी को हिरासत में

ऑडियो सुनें

मुंबई. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने गैंगस्टर छोटा शकील के साथी सलीम कुरैशी उर्फ सलीम फ्रूट को सोमवार सुबह मुंबई में हिरासत में ले लिया. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. एजेंसी ने इससे पहले भगौड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के साथियों के खिलाफ मुंबई और पड़ोसी जिले ठाणे में 20 से अधिक जगहों पर छापेमारी की थी. अधिकारियों के मुताबिक, एनआईए ने कुरैशी को

उसके दक्षिण मुंबई के भिंडी बाजार इलाके स्थित आवास से हिरासत में लिया. कुरैशी छोटा शकील की पत्नी की बहन का पति है.
अधिकारी ने कहा कि एजेंसी ने हाजी अली दरगाह और माहिम दरगाह के ट्रस्टी सोहेल खंडवानी को भी माहिम इलाके में उनके आवास से हिरासत में लिया. उन्होंने कहा कि एनआईए अधिकारियों की एक टीम ने खंडवानी के माहिम स्थित कार्यालय पर भी छापेमारी की और बिल्डर असलम सोरतिया और बीफ निर्यातक फरीद कुरैशी सहित कई लोगों से पूछताछ की.

अधिकारी ने कहा कि बांद्रा और माहिम इलाकों में रहने वाले कुछ अन्य लोगों से भी पूछताछ की गई. केंद्रीय एजेंसी ने दाऊद इब्राहिम के साथियों के खिलाफ मुंबई के नागपाड़ा इलाके स्थित एक हाउंिसग सोसायटी, भिंडी बाजार, सांताक्रूज, माहिम और गोरेगांव के अलावा ठाणे के मुंब्रा तथा अन्य स्थानों पर छापेमारी की. अधिकारी ने बताया कि कई ‘हवाला’ आॅपरेटर और मादक पदार्थ तस्करों के कथित तौर पर दाऊद इब्राहिम के साथ संबंध हैं. गौरतलब है कि इस साल फरवरी में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दाऊद इब्राहिम के खिलाफ दर्ज धन शोधन के एक मामले की जांच के दौरान कुरैशी से पूछताछ भी की थी.

By Yogesh Kumar Sahu