पाक चाहे जितनी कोशिश कर ले, वैश्विक आतंकवाद के केंद्र के रूप में उसकी छवि कम नहीं होगी: भारत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Apr 2025 09:11 PM
पाक चाहे जितनी कोशिश कर ले, वैश्विक आतंकवाद के केंद्र के रूप में उसकी छवि कम नहीं होगी: भारत
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर का पाकिस्तान के साथ एकमात्र संबंध यह है कि इस्लामाबाद केंद्र शासित प्रदेश के अवैध रूप से कब्जे वाले हिस्से को खाली कर दे. इसके साथ ही भारत ने क्षेत्र पर पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर की टिप्पणी की कड़ी निंदा की. इस सप्ताह इस्लामाबाद में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुये जनरल मुनीर ने कश्मीर को पाकिस्तान के ”गले की नस” बताया था और कहा था कि कोई भी कश्मीर को उनके देश से अलग नहीं कर पाएगा.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ”कोई विदेशी चीज गले में कैसे अटक सकती है? यह भारत का एक केंद्र शासित प्रदेश है. पाकिस्तान के साथ इसका एकमात्र संबंध उस देश द्वारा अवैध रूप से कब्जाए गए क्षेत्रों को खाली कराना है.” वर्ष 2008 में 26 नवंबर को हुए आतंकवादी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा से अपना पल्ला झाड़ने के पाकिस्तान के प्रयासों पर जायसवाल ने कहा, ”पाकिस्तान लाख कोशिश कर ले, लेकिन वैश्विक आतंकवाद के केंद्र के रूप में उसकी प्रतिष्ठा कम नहीं होगी.”

उन्होंने कहा, ”राणा का प्रत्यर्पण पाकिस्तान के लिए एक चेतावनी है कि उसे मुंबई हमलों के अन्य अपराधियों को भी न्याय के कटघरे में लाना होगा, जिन्हें वह अब भी बचा रहा है.” राणा (64) को अमेरिका द्वारा प्रत्यर्पण की सभी बाधाएं दूर करने के बाद 10 अप्रैल को भारत लाया गया था. पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक राणा अब भारतीय जांच एजेंसियों की हिरासत में है.

मेहुल चोकसी का प्रत्यर्पण कराने के लिए बेल्जियम के साथ मिलकर काम कर रहे : विदेश मंत्रालय

भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण के लिए बेल्जियम के साथ मिलकर काम कर रहा है. चोकसी को भारत सरकार के औपचारिक अनुरोध पर शनिवार को बेल्जियम के एंटवर्प में गिरफ्तार किया गया था. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ”हमारे प्रत्यर्पण अनुरोध के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया. हम उसके प्रत्यर्पण के लिए बेल्जियम के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि वह देश में मुकदमे का सामना कर सके.” चोकसी 13,500 करोड़ रुपये के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में भारतीय जांच एजेंसियों को वांछित है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu