प्रधानमंत्री ध्यान भटकाने की कितनी भी कोशिश करें, रोजगार का मुद्दा उठाता रहूंगा : राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 26 Aug 2022 07:49 PM
प्रधानमंत्री ध्यान भटकाने की कितनी भी कोशिश करें, रोजगार का मुद्दा उठाता रहूंगा : राहुल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का ध्यान भटकाने का कितना भी प्रयास कर लें’, वह रोजगार का विषय उठाते रहेंगे. उन्होंने ट्विटर पर एक चार्ट साझा किया जिसमें दर्शाया गया है कि कई सरकारी इकाइयों में नौकरियां खत्म हो गई हैं.

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘युवाओं के सपने सच्चे हैं, मगर ‘राजा’ के वादे झूठे, और भाषण खोखले. अगर निष्ठा और ईमानदारी से काम किया, तो रोजगार बढ़ने की जगह घटे कैसे? मैं जनता के मुद्दे उठाता रहूंगा, चाहे प्रधानमंत्री देश को जितना भी भटकाने की कोशिश करें.’’ उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में दावा किया कि उत्तर प्रदेश में चुनाव खत्म होने के बाद मुफ्त राशन की सुविधा भी खत्म हो गई है.

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘यूपी में चुनाव खत्म, मुफ्त राशन खत्म. उत्तर प्रदेश में अब अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को नहीं मिलेगा फ्री राशन. अब सरकारी राशन की दुकानों से गरीबों को 2 रुपये प्रति किलो के हिसाब से गेहूं और 3 रुपये प्रति किलो के हिसाब से चावल मिलेगा.’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘बेतहाशा महंगाई से जूझती मध्यम वर्ग की जनता तो कटौती करके जैसे-तैसे जी रही है, लेकिन गरीब जनता अब दो वक्त की रोटी के लिए भी तरसेगी. ‘मुफ्त राशन’ और ‘धन्यवाद मोदी जी’ के बड़े-बड़े पोस्टर एक बार फिर सिर्फ चुनावी जुमले साबित हुए. ‘मित्रों’ की सरकार को देश की जनता की कोई फिक्र नहीं है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu