ट्विटर कौन चला रहे इसको लेकर कोई निजी राय नहीं, कैसे चला रहा है उसमें रुचि: गुतारेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Dec 2022 07:59 PM
ट्विटर कौन चला रहे इसको लेकर कोई निजी राय नहीं, कैसे चला रहा है उसमें रुचि: गुतारेस
ऑडियो सुनें

संयुक्त राष्ट्र. संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने कहा कि ट्विटर कौन चला रहा है इसको लेकर उनकी कोई ‘‘व्यक्तिगत भावना’’ नहीं है, हालांकि उन्हें इस बात में ‘‘बेहद रुचि’’ है कि इस सोशल मीडिया मंच को चलाया कैसे जा रहा है. सोशल मीडिया मंचों पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल को रोकने, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के महत्व को रेखांकित करते हुए गुतारेस ने यहां सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ मंच कौन चला रहा है इसको लेकर मेरी कोई निजी राय नहीं है. मेरी इस बात में अधिक रुचि है कि मंच को चलाया कैसे जा रहा है.’’

गुतारेस से पूछा गया था कि क्या उन्हें लगता है कि ट्विटर के मालिक एलोन मस्क अभिव्यक्ति की स्वतत्रंता के लिए खतरा हैं और अगर अरबपति सोशल मीडिया मंच के प्रमुख का पद छोड़ देते हैं तो क्या उन्हें राहत मिलेगी? सीएनएन की खबर के अनुसार, ट्विटर उपयोगकर्ताओं ने सोमवार को मस्क के मंच के प्रमुख का पद छोड़ने के लिए मतदान किया था. मस्क (51) ने अपने 12.2 करोड़ ‘फॉलोअर्स’ से पूछा था कि उन्हें ट्विटर के प्रमुख का पद छोड़ना चाहिए या नहीं. इस ‘सर्वेक्षण’ पर 1.7 करोड़ वोट आए, जिनमें से करीब 57.5 प्रतिशत लोगों ने ‘हां’ का विकल्प चुना.

मस्क ने रविवार को ट्वीट किया था, ‘‘ क्या मुझे ट्विटर प्रमुख का पद छोड़ देना चाहिए? मैं ‘पोल’ के परिणाम का पालन करूंगा.’’ उन्होंने बाद में एक ट्वीट में कहा,‘‘ जैसा कि कहा जाता है सोच-समझकर कोई की मुराद मांगे, क्योंकि वह पूरी हो सकती है.’’ गुतारेस ने कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता को बनाए रखने और साथ ही अभद्र भाषा व उग्रवाद के रूपों से बचाने में सोशल मीडिया मंचों की एक विशेष जिम्मेदारी है.

संयुक्त राष्ट्र के प्रमुख ने कहा, ‘‘ अगर प्रेस की स्वतंत्रता खतरे में हो, पत्रकारों को अपना काम करने की अनुमति नहीं दी जाए, साथ ही अभद्र भाषा का प्रसार हो तो यह देखकर मुझे काफी दुख होगा.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ इसलिए किसी मंच के मालिक को मेरी यही सलाह है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बनाए रखे, खासकर पत्रकारों की…साथ ही यह सुनिश्चित करें कि नव-नाजÞयिों, श्वेत वर्चस्ववादियों सहित अभद्र भाषा तथा कट्टरपंथी विचारकों को उनके मंच पर अपने हित साधने का मौका न मिले.’’ गुतारेस के ट्विटर पर 20 लाख ‘फॉलोअर्स’ हैं. उनसे पूछा गया कि किन परिस्थितियों में वह अपना खाता बंद करने पर विचार करेंगे और क्या वह मस्क से मिलने में दिलचस्पी रखते हैं?

गुतारेस ने कहा, ‘‘ मैं वही करूंगा जो उस समय मेरी अंतरात्मा मुझे करने को कहेगी और जो सही होगा. अभी खाता कायम रखना सही है क्योंकि उसकी एक अहम भूमिका है. हालांकि हम हर स्थिति के प्रति सजग रहेंगे.’’ उन्होंने कहा कि सवाल यह नहीं है कि आप किससे मिलते हैं. गुतारेस ने कहा, ‘‘ सवाल यह है कि आपके नियम स्पष्ट होने चाहिए…स्पष्ट नियम बनाना सोशल मीडिया मंच की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करने के लिए जरूरी हैं.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu