बिलासपुर के 3 तहसीलदारों को नोटिस जारी, नक्शा बटांकन में देरी करने का आरोप…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 26 Oct 2024 01:19 PM
बिलासपुर के 3 तहसीलदारों को नोटिस जारी, नक्शा बटांकन में देरी करने का आरोप…
ऑडियो सुनें

बिलासपुर: राजस्व कार्यों में शिथिलता बरतने पर कलेक्टर अवनीश शरण ने बिलासपुर के तहसीलदार मुकेश देवांगन, रतनपुर के तहसीलदार आकाश गुप्ता और कोटा के तहसीलदार प्रकाश साहू को नोटिस जारी किया है। इन अधिकारियों पर नक्शा बटांकन में देरी करने का आरोप है, जो मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यों में से एक है।

कलेक्टर ने राज्य शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश देते हुए राजस्व मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन न करने की चेतावनी दी। उन्होंने गिरदावरी कार्य और डिजिटल क्रॉप सर्वे को समयसीमा में पूर्ण करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

मनरेगा के तहत मजदूरों की संख्या में बढ़ोतरी करते हुए कार्य में प्रगति लाने का निर्देश भी दिया गया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कुष्ठ रोग और टीबी उन्मूलन में बेहतर प्रदर्शन की बात कही। साथ ही सामुदायिक अस्पतालों के पोषण पुनर्वास केंद्रों में सभी बेड भरे रहने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के रिक्त पदों की शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ आर पी चौहान, एडिशनल कलेक्टर तन्मय खन्ना समेत अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav