ओडिशा: सीमेंट फैक्ट्री में कोल हॉपर के गिरने से कई मजदूर दबे, 4 शव बरामद…

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 17 Jan 2025 11:50 AM
ओडिशा: सीमेंट फैक्ट्री में कोल हॉपर के गिरने से कई मजदूर दबे, 4 शव बरामद…
ऑडियो सुनें

सुंदरगढ़: ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के राजगांगपुर में एक सीमेंट फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया है। फैक्ट्री के कोल हॉपर के गिरने से कई श्रमिकों के मौत होने की आशंका है। सूत्रों के मुताबिक अभी तक 4 शव बाहर निकाले गए हैं।

हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौके पर 6 एम्बुलेंस और 6 अग्निशमन विभाग की गाड़ी है। तीन क्रेन भी मौके पर पहुंची है। यह हादसा उस समय हुआ जब करीब 12 से ज्यादा मजदूर कोल हॉपर के नीचे काम कर रहे थे। कोल हॉपर गिरने से मजदूर दब गए।

फंसे हुए लोगों में कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अचानक कोल हॉपर गिर गया और काम कर रहे सभी श्रमिक कोयले के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही बचाव दल जेसीबी और अन्य उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचा और फंसे हुए श्रमिकों को निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू कर दिया।

पुलिस भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में मदद कर रही है। राजगांगपुर थाना प्रभारी के अनुसार, बचाव कार्य पूरा होने में लगभग 2 घंटे और लगेंगे। मशीनों को तैनात कर बचाव कार्य तेजी से चल रहा है और श्रमिकों को सुरक्षित निकालने की पूरी कोशिश की जा रही है।

हादसे की खबर सुनते ही सैकड़ों श्रमिक फैक्ट्री के मुख्य गेट पर जमा हो गए और इस दुर्घटना के लिए फैक्ट्री प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया। श्रमिकों का आरोप है कि उन्होंने पहले ही अधिकारियों को कोल हॉपर की स्थिति की जांच करने की अपील की थी, लेकिन उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया गया।

इससे पहले पिछले साल 28 सितंबर को राउरकेला स्टील प्लांट (आरएसपी) के अंदर एक विस्फोट में एक अधिकारी और चार कर्मचारियों सहित कम से कम पांच लोग घायल हो गए थे। यह हादसा प्लांट के एसएमएस-1 पर हुआ था। कथित तौर पर पिघला हुआ लोहा गिरने से मजदूर झुलस गए थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital