ओडिशा : मुख्यमंत्री ने फोन से जनसभा को संबोधित किया, कहा-निजी सचिव को समस्याएं सुनने को भेजा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 Jun 2023 08:33 PM
ओडिशा : मुख्यमंत्री ने फोन से जनसभा को संबोधित किया, कहा-निजी सचिव को समस्याएं सुनने को भेजा
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बारपाली में एक जनसभा को फोन के जरिये संबोधित करते हुए कहा कि वे अपनी शिकायतें उनके निजी सचिव वी के पांडियन को बता सकते हैं. मुख्यमंत्री के निजी सचिव पांडियन 5टी विभाग के सचिव भी हैं. उन्होंने सोमवार को बारगढ़ जिले के बरपाली में जनसभा में मुख्यमंत्री का ऑडियो संदेश प्रसारित किया.

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, ”पटनायक ने जनता को फोन के जरिये संबोधित किया और कहा कि उन्होंने सचिव (5टी) को भेजा है ताकि लोग उन्हें शिकायतें दे सकें.” सीएमओ की विज्ञप्ति में कहा गया है कि बरगढ़ में भारी बारिश के बावजूद जन शिकायत सभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. इसमें कहा गया है कि पांडियन ने अट्टाबिरा ब्लॉक में सारंडा 5टी हाई स्कूल का दौरा किया और वहां मौजूद छात्रों और शिक्षकों से बातचीत की.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद अपराजिता सारंगी ने दो दिन पहले मुख्यमंत्री से इस पर स्पष्टीकरण देने की मांग की थी, कि क्या उनकी अनुमति से सचिव स्तर के अधिकारी जनसभाओं में हिस्सा ले रहे हैं. विपक्षी दलों ने आरोप लगाया था कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2000 बैच के अधिकारी जनसभाओं में भाग लेकर अखिल भारतीय सेवा नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री के निजी सचिव ने आनंद कल्याण मंडप, अट्टाबिरा, राम चंजी कल्याण मंडप, बारापाली बारगढ़ में लोगों से बातचीत की और उनकी शिकायतें सुनीं. पांडियन ने लोगों को धन्यवाद दिया और उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री ने प्रशासन को नागरिकों तक पहुंचने का निर्देश दिया है. इस बीच, बारगढ़ से भाजपा सांसद सुरेश पुजारी ने सोमवार को बारगढ़ में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पदों के कार्य और कर्तव्य किसी को नहीं सौंपे जा सकते.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu