बाढ़ के पानी में बहकर आए मोर्टार के गोले में विस्फोट से एक की मौत, पांच घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 06 Oct 2023 10:33 PM
बाढ़ के पानी में बहकर आए मोर्टार के गोले में विस्फोट से एक की मौत, पांच घायल
ऑडियो सुनें

जलपाईगुड़ी/सिलीगुड़ी/गंगटोक. पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में तीस्ता नदी में बाढ़ के पानी में कथित तौर पर बह कर आए मोर्टार के एक गोले में विस्फोट होने से एक लड़के की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. शुरुआती खबरों में दो लोगों की मौत होने की जानकारी दी गई थी.

पुलिस का मानना है कि मोर्टार का यह गोला सेना का था और पड़ोसी राज्य सिक्किम में बुधवार को बादल फटने एवं बाढ़ आने के बाद यह पहाड़ियों से पानी के साथ बहकर नीचे आ गया था. स्थानीय पुलिस के सूत्रों ने बताया कि यह विस्फोट क्रांति ब्लॉक के चांपाडांगा गांव में बृहस्पतिवार को उस समय हुआ, जब एक व्यक्ति मोर्टार के गोले को कबाड़ में बेचने के लिए घर ले आया और उसने उसे खोलने की कोशिश की.

इस विस्फोट में मारे गए लड़के की पहचान सैनूर आलम के रूप में की गई है, जबकि एक अन्य लड़के और दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए हैं. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है.” उन्होंने कहा, ”घायलों में से कम से कम दो की हालत अत्यंत गंभीर है और मृतक संख्या बढ़ने की आशंका है.”

एक रक्षा अधिकारी ने कहा कि सेना ने उन स्थानों पर नजर रखने के लिए दलों का गठन किया है, जहां नदी का पानी बहकर नीचे जाता है. सेना और नगर निकाय प्रशासन के दल बाढ़ के पानी में खोए उपकरणों और लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं. स्थानीय निवासी नबीउल इस्लाम ने दावा किया कि बृहस्पतिवार की शाम को तीस्ता नदी में बाढ़ के पानी से लकड़ियां इकट्ठा करते समय उन्हें उपकरणों से भरा एक बक्सा मिला.

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने पंचायत प्रधान को इसकी सूचना दी और प्रधान ने प्राधिकारियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद सुरक्षाकर्मी गांव आए और बक्सा ले गए. इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है. इस बीच, जलपाईगुड़ी पुलिस ने एक परामर्श जारी कर लोगों से अपील की है कि नदी के साथ बहकर नीचे आए आग्नेयास्त्रों या विस्फोटकों को न छुएं.

उसने कहा, ”सिक्किम में भीषण बाढ़ के कारण आग्नेयास्त्रों और विस्फोटकों सहित कुछ सैन्य उपकरण तीस्ता नदी में बहकर आ गए हैं. हम लोगों से आग्रह करते हैं कि वे सतर्क रहें और किसी भी अपरिचित वस्तु, बक्से, पैकेज, आग्नेयास्त्र या पानी में तैरती हुई किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाने को दें.” पुलिस ने कहा, ”कृपया इन वस्तुओं को न छुएं, क्योंकि इनमें खतरनाक विस्फोट हो सकता है.”

सिक्किम सरकार ने भी इसी प्रकार की चेतावनी दी है और लोगों से तीस्ता नदी के बेसिन में जाते समय सावधान रहने को कहा है, क्योंकि वहां कीचड़ के नीचे विस्फोटक और हथियार होने की आशंका है. राज्य भूमि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने एक परामर्श जारी कर लोगों को इस प्रकार का गोला-बारूद न छूने की हिदायत दी. स्थानीय लोगों को निर्देश दिया गया है कि उन्हें नदी बेसिन इलाकों में कोई विस्फोटक सामग्री मिले तो वे जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को इस बात की सूचना दें.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu