राज्यसभा में विपक्ष ने लगाया आरोप : सरकारी लोग अमीर हुए, जनता गरीब

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Dec 2023 07:52 PM
राज्यसभा में विपक्ष ने लगाया आरोप : सरकारी लोग अमीर हुए, जनता गरीब
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राज्यसभा में बृहस्पतिवार को विपक्षी दलों ने देश के आर्थिक विकास के सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि सरकारी लोग अमीर हुए और जनता गरीब ही रही. वहीं सत्ता पक्ष ने विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार की विभिन्न नीतियों के कारण न केवल अर्थव्यवस्था में सुधार आया है बल्कि वह दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों में से एक बन गया है.

‘देश में आर्थिक स्थिति’ विषय पर उच्च सदन में हुई चर्चा में भाग लेते हुए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वी शिवदासन ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष देश की आर्थिक स्थिति के बेहतर स्थिति होने के बारे में भ्रम पैदा कर रहा है. उन्होंने ‘सरकारी लोगों के अमीर होने और जनता के गरीब होने’ का दावा करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में हालत बहुत अच्छी नहीं है.
इस विषय पर उच्च सदन में चर्चा मंगलवार को ही शुरू हुई थी. माकपा सदस्य ने चर्चा को आगे बढ़ाते हुए कहा कि भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में हजारों पद खाली हैं और सरकार खाली पदों पर नियुक्ति नहीं कर रही है. उन्होंने कहा कि यही हाल बीएसएनएल जैसी कंपनियों का भी है. उन्होंने कहा कि एक ओर भारत में पर्याप्त संख्या में डॉक्टर और नर्स नहीं हैं वहीं हजारों की संख्या में नर्स भारत से बाहर जा कर काम कर रही हैं क्योंकि उन्होंने विदेशों में बेहतर वेतन मिलता है.

उन्होंने एलपीजी सहित विभिन्न वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को गरीब लोगों की ओर भी ध्यान देना चाहिए. चर्चा में भाग लेते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एस सेल्वागणबेथी ने सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि उसके प्रयासों से अर्थव्यवस्था बेहतर स्थिति में है और जीएसटी संग्रह लगातार बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि इस सरकार ने बुनियादी ढांचा के विकास पर जोर दिया है जिससे अर्थव्यवस्था को बल मिला है.

भाजपा के ही शंभु शरण पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के दौरान भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और चौतरफा विकास हो रहा है. उन्होंने कहा कि यह सरकार अंत्योदय के तहत काम कर रही है जिसमें अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना लक्ष्य है.

भाजपा के आदित्य प्रसाद ने कहा कि जब दुनिया के कई देश चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, उस समय भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है. उन्होंने कहा कि कोविड काल में सरकार के प्रयासों से लाखों लोग की जान बची और करोड़ों लोगों को कोविड टीके लगाए गए.

उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के गलत कदमों के कारण बैंकों की स्थिति खराब हो गयी थी लेकिन इस सरकार के प्रयासों से न केवल बैंकों की स्थिति सुधरी बल्कि उनमें सकारात्मक बदलाव भी आया. भाजपा सदस्य ने कहा कि इस सरकार की नीतियों के कारण किसानों को पर्याप्त मात्रा में बीज एवं खाद मिल रहे हैं और उन्हें हर साल छह हजार रुपये की मदद भी मिल रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu