ED, CBI का डर कारगर नहीं रहने के कारण सेवा मामले पर अध्यादेश लाया गया था: केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 18 Aug 2023 07:46 PM
ED, CBI का डर कारगर नहीं रहने के कारण सेवा मामले पर अध्यादेश लाया गया था: केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सेवा मामले पर अध्यादेश इसलिए लाया गया था क्योंकि धनबल और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) तथा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का डर कारगर नहीं रहा.

विधानसभा में उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा सेवा विधेयक के माध्यम से लोकतंत्र का ”संघी” मॉडल लेकर आई है. उन्होंने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव राष्ट्रीय राजधानी के लिए पूर्ण राज्य के मुद्दे पर लड़ा जाएगा. केजरीवाल ने आरोप लगाया कि ”अध्यादेश और विधेयक के माध्यम से दिल्ली के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचल दिया गया.” मुख्यमंत्री ने कहा, ”लोकतांत्रिक व्यवस्था की कई शैलियां हैं जैसे वेस्टमिंस्टर शैली और संसदीय शैली. ये लोग (भाजपा) इस विधेयक के माध्यम से लोकतंत्र की संघी शैली लेकर आए हैं.”

उन्होंने कहा, ”सेवा मामले पर अध्यादेश इसलिए लाया गया क्योंकि धनबल और ईडी तथा सीबीआई का डर दिल्ली में कारगर नहीं रहा.” केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि हाल में भाजपा के किसी नेता ने उन्हें धमकी देते हुए कहा था, ”हम तुम्हें झुका देंगे.” मुख्यमंत्री ने कहा, ”लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि कोई भी ताकत केजरीवाल और दिल्ली के दो करोड़ लोगों को झुका नहीं सकती.” आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि 2024 के चुनाव में भाजपा दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीट हार जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu