नक्सलवाद को खत्म करने के लिए हमारा अभियान निरंतर जारी है: शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 21 Apr 2025 07:25 PM
नक्सलवाद को खत्म करने के लिए हमारा अभियान निरंतर जारी है: शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. झारखंड में सुरक्षा बलों द्वारा आठ नक्सलियों को ढेर किए जाने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि नक्सलवाद को खत्म करने के लिए उनकी सरकार की प्रतिबद्धता बरकरार है. झारखंड के बोकारो जिले में सोमवार को पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कोबरा कमांडो के साथ मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए, जिनमें से एक नक्सली उग्रवादियों की शीर्ष केंद्रीय समिति का सदस्य था और उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था.

शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”नक्सलवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए हमारा अभियान निरंतर जारी है. नक्सलवाद को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए जारी अभियान में आज सुरक्षाबलों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है. झारखंड के बोकारो में लुगु हिल्स में हुई मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए, जिनमें से विवेक का नाम का एक नक्सली उग्रवादियों की शीर्ष केंद्रीय समिति का सदस्य था और उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था जबकि दो कुख्यात नक्सली भी मारे गए हैं. अभियान जारी है. हमारे सुरक्षाबलों की सराहना करें.” अधिकारियों ने बताया कि ‘209 कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन’ (कोबरा) और राज्य पुलिस के अभियान में आठ नक्सली मारे गए और एक एके राइफल, तीन इंसास राइफल, एक ‘सेल्फ लोडिंग राइफल’ (एसएलआर), आठ देसी बंदूक एवं एक पिस्तौल बरामद की गई.

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में उग्रवादी संगठन की केंद्रीय समिति का सदस्य प्रयाग मांझी उर्फ विवेक, विशेष क्षेत्रीय समिति का सदस्य अरविंद यादव उर्फ अविनाश, जोनल समिति का सदस्य साहेबराम मांझी उर्फ राहुल मांझी, महेश मांझी उर्फ मोटा, तालु, रंजू मांझी, गंगाराम और महेश शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu