नोएडा/नयी दिल्ली. केंद्रीय जांच एजेंसियों ने पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर के भारत में अवैध प्रवेश के मामले की जांच के सिलसिले में बृहस्पतिवार को नोएडा पुलिस के साथ बैठक की. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. यह बैठक उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ते द्वारा सोमवार और मंगलवार को सीमा और उसके भारतीय साथी सचिन मीना से पूछताछ के मद्देनजर हुई है.
एक आधिकारिक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”सीमा हैदर मामले की जांच के सिलसिले में केंद्रीय जांच एजेंसियों के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार की सुबह नोएडा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की.” जहां उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते ने जहां युगल से दो दिनों तक पूछताछ की है, वहीं नोएडा पुलिस अलग से इस मामले की जांच कर रही है. नोएडा पुलिस ने अभी आरोप पत्र दाखिल नहीं किया है.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”अब तक की जांच के अलावा, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सीमा के वास्ते फर्जी आधार कार्ड बनवाने के लिए सचिन ने कौन से पहचान पत्र जमा किए थे.” अधिकारी ने कहा, ”पुलिस जांच चल रही है, और जांच प्रक्रिया पूरी होने तथा सबूत एकत्र होने के बाद मामले में आरोप पत्र दायर किया जाएगा.” पाकिस्तान के सिंध प्रांत की रहने वाली सीमा हैदर 13 मई को बस से नेपाल के रास्ते अपने चार बच्चों के साथ अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थी. उसका कहना है कि वह अपने भारतीय प्रेमी सचिन मीणा के साथ रहने आई थी, जो ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा इलाके में रहता है.
स्थानीय पुलिस ने चार जुलाई को सीमा को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया था और सचिन को अवैध प्रवासियों को शरण देने के लिए गिरफ्तार किया गया था. हालांकि, उन दोनों को सात जुलाई को एक स्थानीय अदालत ने जमानत दे दी थी और वे अपने चार बच्चों के साथ रबूपुरा इलाके के एक घर में रह रहे हैं. सीमा ने यह भी कहा है कि वह पाकिस्तान वापस नहीं जाना चाहती और सचिन के साथ रहना चाहती है. उसने यह भी दावा किया कि वह हिंदू बन गई है.
इस सप्ताह एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों ने देश की सरकार को सूचित किया है कि ”प्यार” ही वह ”एकमात्र” कारक है जिसके कारण चार बच्चों की मां एक हिंदू व्यक्ति के साथ रहने के लिए भारत में दाखिल हुई. युवक से उसकी दोस्ती एक ऑनलाइन गेम प्लेटफॉर्म के माध्यम से हुई थी.
विदेश मंत्रालय पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर मामले में जांच जारी: विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर से जुड़े मामले में जांच चल रही है. पाकिस्तान के सिंध प्रांत की निवासी 30 वर्षीय सीमा हैदर 13 मई को नेपाल के रास्ते अपने चार बच्चों के साथ अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर गई थी.
सीमा ने कहा है कि वह पाकिस्तान वापस नहीं जाना चाहती और अपने भारतीय प्रेमी सचिन मीणा के साथ रहना चाहती है.
इस बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने संवाददाताओं से कहा, ” हमें इस मामले की जानकारी है. वह अदालत में उपस्थित हुई और उसे (सीमा हैदर) अदालत से जमानत मिल गई है. वह जमानत पर बाहर है. इस मामले की जांच चल रही है.” उन्होंने कहा, ”आगे घटनाक्रम सामने आने पर हम जानकारी देंगे. यह न्यायिक मामला है और जांच चल रही है, ऐसे में मैं कुछ और कहना नहीं चाहता.”