
मेंढर/जम्मू. जम्मू-कश्मीर में पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया गया है. सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी. आधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण रेखा की सुरक्षा में तैनात जवानों ने रविवार को पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया जिसकी उम्र 35 वर्ष है.
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के तारीनोट गांव के निवासी हसम शहजाद को मेंढर उप-मंडल के कृष्णा घाटी सेक्टर में जवानों ने उस समय हिरासत में ले लिया जब वह रविवार तड़के भारत में घुसने की कोशिश कर रहा था.
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्रीय गश्त दल को शहजाद भारतीय सीमा में 100 मीटर अंदर ब्रावो चेक क्षेत्र के निकट नदी के पास छिपा मिला था. उन्होंने बताया कि शहजाद के पास से 1800 रुपये पाकिस्तानी मुद्रा, एक पहचान पत्र और दो मोबाइल सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. प्रारंभिक पूछताछ में शहजाद ने बताया कि उसने अनजाने में नियंत्रण रेखा पार की थी.



