खेल के मैदान पर पाकिस्तान का दोमुंहा चरित्र: भारत के सियासी धुरंधरों ने PCB को लताड़ा, जानिए किसने क्या कहा?

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 02 Feb 2026 12:44 PM
खेल के मैदान पर पाकिस्तान का दोमुंहा चरित्र: भारत के सियासी धुरंधरों ने PCB को लताड़ा, जानिए किसने क्या कहा?
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: पाकिस्तान ने भारत के साथ टी20 विश्व कप में खेलने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान की सरकार ने अपनी टीम को सात फरवरी से होने वाले टूर्नामेंट में खेलने की मंजूरी तो दी है, लेकिन भारत से साथ मुकाबले पर इनकार किया है। ऐसे में अब पड़ोसी देश की इस हरकत पर भारत में राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज हो गई है।

पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय राजनेताओं ने एक स्वर में आवाज उठाई है। पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के बयान पर राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, ‘आईसीसी का बयान आया है, जिसमें उन्होंने खेल भावना को लेकर कहा है। हम आईसीसी से पूरी तरह सहमत हैं। बीसीसीआई इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेगी। जब तक आईसीसी से हमारी बात ना हो जाए।’

‘जीत ही नहीं पाएगा तब रण छोड़कर…’, भाजपा सांसद का तंज
भाजपा सांसद शशांक मणि ने कहा, ‘जब किसी खिलाड़ी को पता चल जाता है कि वो जीत ही नहीं पाएगा तब रण छोड़कर भाग जाता है। ये रण छोड़कर भाग गए हैं। इन्हें हमें ऑपरेशन सिंदूर में और अन्य युद्धों में पराजित किया ऐसे ही यहां भी पराजित हो जाएंगे इसलिए खेल ही नहीं रहे।’

पाकिस्तान पर कीर्ति आजाद का बयान
टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने कहा, ‘पाकिस्तान जानता है कि वह जीत नहीं सकता। इसलिए उसने अपनी इज्जत बचाने की सोची। जब बैसरन (पहलगाम की घाटी) में 26 लोग मारे गए थे, तब भारत के पास एक बड़ा मौका था। भारत को तब वर्ल्ड कप में नहीं खेलना चाहिए था। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह संदेश जाता कि हम आतंकवादियों के खिलाफ हैं और पाकिस्तान सबसे बड़ा आतंकवादी देश है।’

अखिलेश यादव ने क्या कहा?
पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को अपनी विदेश नीति पर विचार करना पड़ेगा कि किस दिशा में उनकी विदेश नीति जा रही है।

‘आप हमेशा ऐसे नहीं चल सकते’, बोले शशि थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, ‘पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ अपनी एकजुटता दिखाने की कोशिश कर रहा है। यह पूरी बात नियंत्रण से बाहर होती जा रही है। मुझे लगता है कि हमें सच में यह समझने की जरूरत है कि खेल, खासकर क्रिकेट जैसा खेल जो सभी लोगों के लिए इतना मायने रखता है, कम से कम खेल के मैदान पर हमें एक साथ लाने का जरिया होना चाहिए, न कि इसे ऐसे ही चलने दिया जाए।’ उन्होंने आगे कहा कि मुझे सच में लगता है कि अब यह सभी संबंधित लोगों के लिए एक वेक-अप कॉल है कि वे आपातकालीन आधार पर एक-दूसरे से संपर्क करें। आईसीसी इसके लिए एक मंच हो सकता है बस कहें, चलो इसे खत्म करते हैं।

‘पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह से संबंध को तरजीह नहीं’
भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि हमें पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह के संबंध नहीं रखने चाहिए, चाहे वह खेल हो, व्यापार हो या कुछ और। पाकिस्तान एक चालाक देश है। लेकिन हमने पुलवामा के बाद भी उनके खिलाफ खेला। हम क्या कह सकते हैं?

भारत ने क्यों मना नहीं किया:इमरान प्रतापगढ़ी
पाकिस्तान के भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने पर कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा, ‘पाकिस्तान मना कर रहा है। मुझे हैरत है कि भारत ने क्यों मना नहीं किया। ऑपरेशन सिंदूर के बाद दुबई में वो मैच क्यों खेला गया? BCCI ने क्यों खेला? आप आगे बढ़कर क्यों नहीं कहते? आतंकी घटनाओं में बार-बार हमारे जवान शहीद होते हैं, नागरिक शहीद होते हैं उसके बाद क्रिकेट खेलने की जरूरत क्या है? सीधे मना करिए, बिल्कुल नहीं खेलिए।’

सपा सांसद राजीव राय ने सरकार को घेरा
भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार पर सपा सांसद राजीव राय ने कहा, ‘यह हमारी गलती थी कि हमने पाकिस्तान को मौका दिया, जिसमें वह हमें मना कर सकता था। मेरा मानना है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद एक पक्का फैसला लिया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि सरकार की विदेश नीति एक आगे और दो कदम पीछे है। सरकार को एक फैसला लेना चाहिए।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital