रायगढ़ जिले में यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हुई, दो महिला घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Jul 2024 06:41 PM
रायगढ़ जिले में यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हुई, दो महिला घायल

ऑडियो सुनें

रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से दो महिला यात्री घायल हो गईं. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि यात्री बस रायगढ़ से जशपुर जा रही थी, जिसमें लगभग 25 यात्री सवार थे.

धरमजयगढ़ थाना की प्रभारी कमला ठाकुर ने बताया कि आज सुबह सिसरिंगा मंदिर के करीब मोड़ पर जय माता दी कंपनी की एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे बस में सवार दो महिला यात्री बसंती बघेल (23) और जसीता लकड़ा (47) घायल हो गईं.

उन्होंने बताया कि कुछ अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. अधिकारी ने बताया कि घायल महिलाओं को धरमजयगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और हादसे के बाद से बस चालक तथा परिचालक मौके से फरार हो गए हैं. उन्होंने बताया कि बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है.

By Yogesh Kumar Sahu