खरगे, राहुल के साथ पवार की बैठक, विपक्षी गठबंधन की आगे की रणनीति पर चर्चा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 06 Oct 2023 10:35 PM
खरगे, राहुल के साथ पवार की बैठक, विपक्षी गठबंधन की आगे की रणनीति पर चर्चा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की जिस दौरान विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की आगे की रूपरेखा एवं रणनीति पर चर्चा की गई. खरगे के आवास पर तीनों नेताओं की बैठक हुई. इसमें राकांपा नेता जितेंद्र आव्हाड और कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य गुरदीप सप्पल भी मौजूद थे.

कांग्रेस अध्यक्ष ने बैठक की तस्वीर साझा करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”देश की जनता की आवाज. और बुलंद करने के लिये आज राहुल गांधी के साथ राकांपा अध्यक्ष शरद पवार की भेंट हुई. हम हर चुनौती के लिए तैयार हैं. जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया.” पवार ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की. बैठक में सांसद राहुल गांधी, राकांपा विधायक जितेंद्र आव्हाड और कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य गुरदीप सप्पल भी मौजूद थे.” सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में ‘इंडिया’ गठबंधन की आगे की रणनीति एवं रूपरेखा और मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई.

यह बैठक ऐसे समय हुई है जब इस महीने भोपाल में होने वाली विपक्ष की जनसभा रद्द हो गई और अभी यह तय नहीं है कि ‘इंडिया’ गठबंधन की अगली बैठक या सभा कहां होगी. अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला करने के लिए दो दर्जन से अधिक विपक्षी दलों ने गठबंधन कर एक समूह ‘इंडिया’ बनाया है. ‘इंडिया’ के घटक दलों के नेताओं की पिछले दिनों मुंबई में हुई बैठक में गठबंधन के भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए 14 सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया गया था.

समन्वय समिति विपक्षी गठबंधन की शीर्ष निर्णय लेने वाली संस्था के रूप में कार्य करेगी. इसी साल जून में पटना में विपक्षी गुट की पहली बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्येक सीट से सबसे मजबूत उम्मीदवार को चुना जाएगा. मुंबई में हुई विपक्षी गठबंधन की तीसरी बैठक के बाद एक सितंबर को जारी प्रस्ताव में कहा गया था कि पार्टियां “जहां तक संभव होगा” वहां तक एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगी और विभिन्न राज्यों में सीटों के बंटवारे का काम तत्काल शुरू होगा और जल्द से जल्द संपन्न होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu