दक्षिण चीन सागर में चीन की हालिया घटना के बाद फिलीपीन सेना के प्रमुख ने रोष जताया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 11 Dec 2023 12:33 PM
दक्षिण चीन सागर में चीन की हालिया घटना के बाद फिलीपीन सेना के प्रमुख ने रोष जताया
ऑडियो सुनें

मनीला: फिलीपीन सेना के प्रमुख ने सोमवार को कहा कि विवादित दक्षिण चीन सागर में सप्ताहांत में जब चीनी तटरक्षक जहाजों ने फिलीपीन की आपूर्ति नौका की घेराबंदी कर उस पर पानी की बौछारें कीं तथा हमला किया, उस समय वह आपूर्ति नौका पर सवार फिलीपीनी सुरक्षा बलों के साथ मौजूद थे।

जनरल रोमियो ब्राउनर जूनियर ने एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को टेलीफोन पर एक साक्षात्कार में बताया कि चीन विवादित जल क्षेत्र में अपनी आक्रामकता बढ़ा रहा है लेकिन उसकी इस तरह की कार्रवाई फिलीपीनी सुरक्षा बलों को व्यस्त जलमार्ग में देश के क्षेत्रीय हितों की रक्षा करने से नहीं रोक पाएगी।

चीन के 100 से अधिक सरकारी एवं मिलिशिया जहाजों ने विवादित स्कारबोरो शोल क्षेत्र के आसपास समुद्र में उस स्थान पर धावा बोल दिया जहां फिलीपीन नौसेना का जहाज दशकों से खड़ा है। ब्राउनर इसी जहाज का दौरा करने गए थे। उन्होंने कहा कि चीनी बेड़ा पिछले महीनों की तुलना में बहुत बड़ा है।

शोल, रेतीले और चट्टानों से घिरा समुद्री क्षेत्र हैं, जहां प्रचुर मात्रा में मछलियां पाई जाती हैं। ब्राउनर ने समुद्री क्षेत्र में चीन की कार्रवाई के बारे में कहा, ‘‘यह पूरी तरह आक्रामकता है। मैंने देखा कि कितनी बार बड़े चीनी तट रक्षक और मिलिशिया जहाजों ने हमारा रास्ता रोका। उन्होंने हम पर पानी की बौछार कीं, फिर हमें टक्कर मारी। यह आक्रोशित और उकसाने वाला है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिए वास्तव में उच्च स्तरीय राजनयिक समाधान की आवश्यकता है।’’ उन्होंने यह भी कहा कि फिलीपीन के ‘‘सशस्त्र बल हमारे अभियान को जारी रखेंगे क्योंकि यह वैध है और हमारे सैनिकों तक आपूर्ति पहुंचाना तथा हमारे मछुआरों की रक्षा करना हमारा दायित्व है।’’

फिलीपीन के 1,50,000 सदस्यीय सशस्त्र बलों के प्रमुख ब्राउनर ने अमेरिका में शिक्षा प्राप्त की है। वह ‘सेकंड थॉमस शोल’ में स्थित बीआरपी सिएरा माद्रे पर तैनात फिलीपीन मरीन एवं नौसेना के र्किमयों को क्रिसमस के उपहार, खाद्यान्न एवं अन्य आपूर्ति पहुंचाने के लिए नौसेना र्किमयों के साथ आपूर्ति नौका ‘उन्नैजा मे 1’ में सवार थे।

अमेरिका ने बार-बार चेतावनी दी है कि अगर फिलीपीन की सेना, जहाज या विमान दक्षिण चीन सागर सहित किसी सशस्त्र हमले की जद में आते हैं तो वह एशिया में अपने सबसे पुराने संधि सहयोगी फिलीपीन की रक्षा करेगा। चीन ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि वह इसमें हस्तक्षेप नहीं करे क्योंकि चीन इसे पूरी तरह से एशियाई विवाद बताता है। ब्राउनर ने कहा कि उन्होंने बीआरपी सिएरा माद्रे पर सवार फिलीपीन सुरक्षा बलों को राष्ट्रपति र्फिडनेंड मार्कोस जूनियर की क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav