प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण पत्र पर भव्य मंदिर और ‘बालरूप प्रभु राम’ की तस्वीर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 04 Jan 2024 08:28 PM
प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण पत्र पर भव्य मंदिर और ‘बालरूप प्रभु राम’ की तस्वीर
ऑडियो सुनें

अयोध्या. अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण पत्र निर्माणाधीन मंदिर की भव्यता को प्रर्दिशत कर रहे हैं, इसमें मंदिर की एक भव्य तस्वीर के साथ ही ‘बालरूप प्रभु राम’ की तस्वीर को भी दर्शाया गया है. बड़े आकार और सुंदर डिजाइन वाले निमंत्रण पत्र में एक पुस्तिका भी है, जिसमें राम जन्मभूमि आंदोलन में शामिल रहे कुछ प्रमुख व्यक्तियों का संक्षिप्त परिचय दिया गया है. 22 जनवरी को मंदिर में “प्राण प्रतिष्ठा” के लिए अयोध्या को सजाया जा रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसमें शामिल होंगे.

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मंदिर के ट्रस्ट श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की आमंत्रितों की सूची में सात हजार से अधिक लोगों के नाम हैं, जिनमें पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, मौजूदा क्रिकेटर विराट कोहली, बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और अरबपति उद्योगपति मुकेश अंबानी व गौतम अडाणी शामिल हैं. मेहमानों को निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं. ट्रस्ट के एक शीर्ष अधिकारी ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया ”निमंत्रण पत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में छपवाए गए हैं.” अतिथि सूची में बड़ी संख्या में साधु-संत और कुछ विदेशी आमंत्रित लोग भी शामिल हैं.

प्रत्येक निमंत्रण पत्र में मुख्य निमंत्रण पत्र, “प्राण प्रतिष्ठा” कार्यक्रम पत्र, राम जन्मभूमि आंदोलन की यात्रा और प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इसमें भूमिका निभाने वाले लोगों का परिचय देती एक पुस्तिका शामिल है. मुख्य निमंत्रण पत्र के कवर पर राम मंदिर की एक छवि है और इसके नीचे ‘श्री राम धाम’ और उसके नीचे ‘अयोध्या’ छपा हुआ है. मुख्य निमंत्रण पत्र के कवर पर ”अपूर्व अनादिक निमंत्रण” (हिन्दी) भी छपा हुआ है.

इसमें यह भी उल्लेख है कि “प्राण प्रतिष्ठा” के लिए “शुभ मुहूर्त” दोपहर 12:20 बजे है और तारीख – सोमवार, 22 जनवरी, 2024 है.
अंदर, समारोह कार्ड में उल्लेख किया गया है कि समारोह “प्रधानमंत्री, भारत”, नरेन्द्र मोदी, आरएसएस सरसंघचालक मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की गरिमामय उपस्थिति में होगा. प्रसिद्ध टीवी धारावाहिक “रामायण” में भगवान राम और देवी सीता की भूमिका निभाने वाले अभिनेता क्रमश: अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu