नयी दिल्ली. कांग्रेस ने, ‘गुजरात को बदनाम करने की साजिश’ संबंधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को लेकर रविवार को उन पर निशाना साधा और कहा कि उन्होंने यह सच नहीं बताया कि उनके मुख्यमंत्री बनने से बहुत पहले गुजरात एक आर्थिक शक्ति के रूप में उभर चुका था.
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री का दावा है कि गुजरात को बदनाम करने की साजिश की गई. वह इस सच्चाई को कहने में सक्षम नहीं हैं कि उनके मुख्यमंत्री बनने से बहुत पहले गुजरात एक आर्थिक शक्ति के रूप में उभर चुका था. कांग्रेस सरकारों की ओर से सार्वजनिक क्षेत्र में किए गए निवेश ने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि गुजरात को बदनाम करने और निवेश रोकने के लिए साजिशें रची गई हैं, लेकिन इस राज्य ने इन्हें नजÞरअंदाज किया और प्रगति का नया मार्ग प्रशस्त किया.
मोदी इस साल के अंत में गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भुज में विकास कार्यों का उद्घाटन करने और उनकी नींव रखने के बाद एक रैली को संबोधित कर रहे थे. मोदी ने कहा कि कई कमियों के बावजूद वह साफ तौर पर 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनते हुए देख सकते हैं.