प्रधानमंत्री मोदी के 29 मई को सिक्किम का दौरा करने की संभावना

गंगटोक: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 29 मई को सिक्किम की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में भाग लेने के लिए राज्य का दौरा करने की संभावना है। मुख्यमंत्री प्रेम ंिसह तमांग ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित यात्रा के बारे में प्रधानमंत्री कार्यालय से अंतिम पुष्टि अभी नहीं मिली है, लेकिन अन्य सभी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं।

तमांग ने रविवार को एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘उस दिन प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए पलजोर स्टेडियम में करीब एक लाख लोग मौजूद रहेंगे। पहले हमने मनन केंद्र में कार्यक्रम की योजना बनाई थी, लेकिन उस स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में लोग जमा नहीं हो सकते, इसलिए हमने कार्यक्रम स्थल में बदलाव किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री पूरे दिल से राज्य का दौरा करना चाहते हैं ताकि इस ऐतिहासिक अवसर पर लोगों को बधाई दे सकें। कमोबेश, इसकी पुष्टि हो गई है। यह राज्य के साथ-साथ देश के लिए भी एक ऐतिहासिक अवसर है, यही वजह है कि प्रधानमंत्री निश्चित रूप से यहां आएंगे।’’

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए शनिवार को एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। अधिकारियों ने बताया कि इसकी अध्यक्षता मुख्य प्रशासक-सह-कैबिनेट सचिव वीबी पाठक और मुख्य सचिव आर तेलंग ने की।

उन्होंने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री के दौरे के लिए साजो-सामान और सुरक्षा पहलुओं सहित विभिन्न ंिबदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान आयोजित किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा उद्घाटन और शिलान्यास के लिए परियोजनाओं की सूची को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। वर्ष 1947 में देश की आजादी के बाद भारत संघ के तहत संरक्षित राज्य का दर्जा प्राप्त सिक्किम 16 मई, 1975 को जनमत संग्रह के बाद भारतीय राज्य बना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button