प्रधानमंत्री मोदी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जा सकते हैं ब्राजील

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Jun 2025 09:45 PM
प्रधानमंत्री मोदी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जा सकते हैं ब्राजील
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले सप्ताह ब्राजील में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने और चार अन्य देशों के साथ भारत के संबंधों को मजबूत करने के लिए पांच देशों की यात्रा पर जा सकते हैं. मामले से परिचित अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि ब्राजील के अलावा मोदी घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना और नामीबिया की यात्रा पर भी जाएंगे. मोदी की प्रस्तावित यात्रा के बारे में अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. इस यात्रा का मुख्य केंद्र बिंदु ब्राज.ील के शहर रियो डी जनेरियो का दौरा होगा, जहां वह छह और सात जुलाई को होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे.

ब्रिक्स दुनिया की 11 प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का समूह है, जिसमें वैश्विक जनसंख्या का लगभग 49.5 प्रतिशत, सकल घरेलू उत्पाद का करीब 40 फीसदी और वैश्विक व्यापार का लगभग 26 प्रतिशत शामिल है. ब्रिक्स में मूल रूप से ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं. 2024 में इसका विस्तार करके इसमें मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात को शामिल किया गया, तथा इंडोनेशिया 2025 में इसमें शामिल हो जाएगा.

उपरोक्त सूत्रों ने बताया कि समूह के शिखर सम्मेलन में ‘ग्लोबल साउथ’ के हितों और आकांक्षाओं को मुख्यधारा में लाने सहित कई मुद्दों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है. ‘ग्लोबल साउथ’ शब्द का इस्तेमाल आम तौर पर आर्थिक रूप से कम विकसित देशों को संर्दिभत करने के लिए किया जाता है. उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद की चुनौती से निपटने के लिए एकजुट प्रयास का आह्वान कर सकता है.

ब्राजील की अध्यक्षता का आदर्श वाक्य है “अधिक समावेशी और टिकाऊ शासन के लिए ग्लोबल साउथ सहयोग को मजबूत करना” है. शिखर सम्मेलन का समापन जलवायु परिवर्तन व्यवस्था के वित्तपोषण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के शासन पर दो उच्च-स्तरीय घोषणाओं के साथ होगा. सूत्रों ने बताया कि मोदी ब्राजील की द्विपक्षीय यात्रा के तहत ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा के साथ भी व्यापक वार्ता करेंगे.

भारतीय पक्ष ने मोदी की ब्राजील यात्रा जारी रखने का निर्णय लिया है, हालांकि ऐसी खबरें हैं कि चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे. ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों के साथ संबंध बढ़ाने के भारत के प्रयासों के तहत मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, घाना और नामीबिया की यात्रा कर रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu