इस्राइल का कबूलनामा: ईरान के खिलाफ ऑपरेशन में मारा गया मोसाद एजेंट मिस्ट ‘मेम’, 2023 में ही बिछा दिया था जाल

इस्राइल: इस्राइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के एक एजेंट को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। टाइम्स ऑफ इस्राइल की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने ईरान के खिलाफ इस्राइल के हालिया अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। यह जानकारी मोसाद प्रमुख डेविड बार्निया ने मंगलवार को दी। इस्राइली एजेंट की मई 2023 में इटली में एक नाव हादसे में मौत हो गई थी।

मेम नाम से थी पहचान
यह एजेंट केवल उनके नाम के पहले हिब्रू अक्षर मेम से पहचाने जाते हैं। उनकी मौत इटली की मैगी गोर झील में नाव पलटने से हुई थी, जिसमें कुल चार लोगों की जान गई थी। उस समय इटली की मीडिया रिपोर्ट्स में उनकी पहचान 50 वर्षीय एरेज शिमोनी के रूप में की गई थी, जिसे एक उपनाम माना जाता है। उनकी असली पहचान आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं की गई, हालांकि इस्राइल की आधिकारिक स्मारक वेबसाइटों पर उपलब्ध बताई जाती है।

देश के लिए किया अपना जीवन समर्पित
मोसाद मुख्यालय में आयोजित मेमोरियल डे समारोह में डेविड बार्निया ने कहा कि आज के दिन मैं उन शहीद मोसाद कर्मियों को याद करता हूं, जिन्होंने वर्षों तक इस्राइल की सुरक्षा में योगदान दिया और देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन रोअरिंग लायन के दौरान मेरे विचार और मेरा हृदय मेम के व्यक्तित्व और उनके कार्यों को लेकर गर्व से भर गया था। वह इस्राइल के बाहर अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए शहीद हुए।
मेम के नेतृत्व में चलाया गया अभियान कैसा हुआ करता था?
बार्निया ने आगे कहा, मेम के नेतृत्व में चलाया गया अभियान रचनात्मकता, चतुराई और अत्याधुनिक तकनीक का मिश्रण था, जिसने ईरान के खिलाफ अभियान की सफलता पर महत्वपूर्ण असर डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वही अभियान था, जिसने हालिया इस्राइल-ईरान युद्ध के दौरान इस्राइल की सफलता में योगदान दिया।

इटली की मीडिया रिपोर्ट्स में क्या हुआ खुलासा?
इटली की मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिस नाव पर हादसा हुआ, उस पर खुफिया एजेंटों की एक कार्य बैठक चल रही थी। रिपोर्ट्स में कहा गया था कि नाव पर सवार 23 लोगों में से 19 मौजूदा या पूर्व इस्राइली और इतालवी खुफिया एजेंट थे। इटली की सुरक्षा सेवा ने बताया था कि हादसे में मारे गए दो अन्य लोग 62 वर्षीय एक पुरुष और 53 वर्षीय एक महिला उसके कर्मचारी थे।

मेम का शव इस्राइल लाकर सम्मान के साथ दफनाया गया
मेम का शव बाद में इस्राइल लाया गया, जहां अश्केलोन सैन्य कब्रिस्तान में पूरे सम्मान के साथ दफनाया गया। उनके अंतिम संस्कार में मोसाद के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें डेविड बार्निया भी शामिल थे, मौजूद रहे।

मेम ने अपना पूरा जीवन गुप्त सेवा में बिताया
अंतिम संस्कार के दौरान बार्निया ने कहा कि वह मूल्यों वाले व्यक्ति, सच्चे मित्र, समर्पित और वफादार इंसान थे। आपने अपना पूरा वयस्क जीवन गुप्त सेवा में बिताया। मृत्यु के बाद भी हम सार्वजनिक रूप से आपके उन अनेक महत्वपूर्ण और लाभकारी कार्यों का खुलासा नहीं कर पाएंगे, जो आपने इस्राइल और उसके लोगों के लिए किए। उन्होंने मेम को नवाचारपूर्ण क्षेत्रों और संचालन के नए तरीकों का विशेषज्ञ भी बताया।

नाव के कप्तान को मिली थी सजा
हादसे में शामिल टूरिस्ट नाव गुडूरिया के कप्तान क्लाउडियो कारमिनाटी को यात्रियों की मौत के मामले में प्ली डील के तहत चार साल जेल की सजा सुनाई गई। जांच में सामने आया कि हादसे के समय नाव में 23 लोग सवार थे, जबकि कानूनी रूप से उसमें केवल 15 लोगों को ले जाने की अनुमति थी। कप्तान की पत्नी भी इस हादसे में मारी गई थीं। रिपोर्ट्स के अनुसार, नाव जब डूबी तब वह किनारे से सिर्फ 100 मीटर दूर थी। बचे हुए लोगों को या तो अन्य नौकाओं ने बचाया या वे तैरकर किनारे पहुंचे।

बताया गया कि नाव पर 10 अन्य इस्राइली भी मौजूद थे, जिन्हें हादसे के तुरंत बाद एक निजी विमान से इस्राइल भेज दिया गया। यह विमान कथित तौर पर इस्राइली अधिकारियों द्वारा इस्तेमाल किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button