धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में बॉलीवुड गायक बादशाह के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 21 Apr 2023 08:39 PM
धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में बॉलीवुड गायक बादशाह के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज
ऑडियो सुनें

इंदौर. प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक बादशाह के कथित रूप से अभद्र बोलों वाले एक नये गाने में ‘‘भोलेनाथ’’ शब्द के इस्तेमाल के कारण धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाते हुए इंदौर के एक सामाजिक संगठन ने शुक्रवार को स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी.

एमजी रोड पुलिस थाने के प्रभारी संतोष सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि बादशाह के एक गीत को लेकर स्थानीय संगठन ‘‘परशुराम सेना’’ की ओर से शिकायत दी गई है और जांच के बाद इस पर विधिसंगत कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि अभी इस शिकायत पर कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है.

इस संगठन से जुड़े वकील विनोद द्विवेदी ने आरोप लगाया कि बादशाह के नये गाने ‘‘सनक’’ के बोल गाली-गलौज से भरे हैं और इसमें एक स्थान पर ‘‘भोलेनाथ’’ शब्द का इस्तेमाल किया गया है. उन्होंने कहा, “बादशाह का यह गाना केवल हिंदू समुदाय नहीं, बल्कि पूरे सभ्य समाज के लिए आपत्तिजनक है.” चश्मदीदों ने बताया कि गाने से ‘आहत’ ‘परशुराम सेना’ से जुड़े प्रदर्शनकारियों ने एमजी रोड पुलिस थाने के पास बादशाह के खिलाफ नारेबाजी भी की और 37 वर्षीय रैप गायक के पुतले को आग के हवाले कर दिया. ‘अभी तो पार्टी शुरू हुई है’, ‘डीजे वाले बाबू’ जैसे लोकप्रिय गीतों के गायक बादशाह का असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu