नेपाल में बस दुर्घटना में मारे गए 27 लोगों का पोस्टमार्टम जारी…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 24 Aug 2024 01:57 PM
नेपाल में बस दुर्घटना में मारे गए 27 लोगों का पोस्टमार्टम जारी…

ऑडियो सुनें

काठमांडू: नेपाल में बस दुर्घटना में जान गंवाने वाले 27 भारतीय तीर्थयात्रियों का पोस्टमार्टम शनिवार को बागमती प्रांत के एक अस्पताल में किया जा रहा है। इसके बाद शव महाराष्ट्र ले जाए जाएंगे। मीडिया में एक खबर में यह जानकारी दी गयी है।

मध्य नेपाल में एक भारतीय पर्यटक बस शुक्रवार को राजमार्ग से पलटकर 150 मीटर नीचे तेज बहाव वाली मर्स्यांगदी नदी में गिर गई, जिससे कम के कम 27 भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। समाचार पोर्टल ‘माई रिपब्लिका’ की एक खबर के अनुसार, बागमती प्रांत के चितवन जिले में भरतपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

खबर में पुलिस उपाधीक्षक दीपक राय के हवाले से कहा गया है कि पोस्टमार्टम के लिए शवों को अन्बू खैरेनी अस्पताल से चितवन ले जाया गया। महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को मुंबई में एक विज्ञप्ति में बताया कि भारतीय वायु सेना का एक विमान शवों को आज नासिक लाएगा।

पुलिस के अनुसार, यह घटना नेपाल के चितवन जिले में अन्बू खैरेनी इलाके में दोपहर को हुई। यह बस गोरखपुर से थी और इसमें चालक और दो सहायकों समेत 43 यात्री सवार थे। बस पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही थी।
नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के उप प्रवक्ता शैलेंद्र थापा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि 16 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि 11 लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि घायल हुए 16 लोगों को विमान से काठमांडू लाया गया और उन्हें त्रिभुवन यूनिर्विसटी टींिचग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हादसे की वजह का अभी पता नहीं चला है। दुर्घटना स्थल काठमांडू से करीब 90 किलोमीटर पश्चिम में राष्ट्रीय राजधानी पर स्थित है।

उत्तर प्रदेश की नंबर प्लेट वाली बस मर्स्यांगदी नदी के किनारे ऊंचाई पर स्थित एक सड़क से करीब 150 मीटर नीचे गिरी। बस को एक क्रेन की सहायता से बाहर निकाला जाएगा। खबर के मुताबिक, बस में सवार यात्री 104 भारतीय तीर्थयात्रियों के एक समूह का हिस्सा थे, जो दो दिन पहले हिमालयी देश की 10-दिवसीय यात्रा के लिए तीन बसों में सवार होकर महाराष्ट्र से नेपाल पहुंचे थे। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले मुंबई से 470 किलोमीटर दूर जलगांव जिले के वरणगांव, दरियापुर, तलवेल और भुसावल से थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav