प्रज्ञाननंदा और एरिगैसी ने फास्ट क्लासिकल में ड्रॉ के साथ अभियान शुरू किया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 12 Nov 2026 12:09 PM
प्रज्ञाननंदा और एरिगैसी ने फास्ट क्लासिकल में ड्रॉ के साथ अभियान शुरू किया
ऑडियो सुनें

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा और अर्जुन एरिगैसी ने यहां टोटल शतरंज विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट की ‘फास्ट क्लासिकल’ प्रतियोगिता में दो-दो ड्रॉ के साथ अपने अभियान की शुरूआत की। प्रज्ञाननंदा को ग्रुप बी में जर्मनी के विन्सेंट कीमर ने दो बार बराबरी पर रोका, जबकि एरिगैसी ने ग्रुप डी में अमेरिकी खिलाड़ी हैंस नीमन के खिलाफ दोनों बाजियां ड्रॉ खेली। इस तरह से दोनों भारतीय खिलाड़ियों के अब दो-दो अंक हैं।

इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली तीसरी भारतीय खिलाड़ी आर वैशाली की शुरूआत अच्छी नहीं रही। वह अपने पहले मैच में फ्रांसीसी ग्रैंडमास्टर मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव से हार गई जबकि दूसरा मैच उन्होंने ड्रॉ कराया। महिला विश्व चैंपियनशिप की चैलेंजर 25 वर्षीय वैशाली ग्रुप डी में अंतिम स्थान पर हैं। इस ग्रुप में वाचियर-लाग्रेव सबसे आगे हैं।

एरिगैसी अपने ग्रुप में नीमन, वेस्ली सो और बिबिसारा असाउबायेवा के साथ दूसरे स्थान पर हैं। ग्रुप बी में फैबियानो कारुआना और लिएम ले चार-चार अंकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि प्रज्ञाननंदा और कीमर दो दो अंक लेकर बराबरी पर हैं। ग्रुप ए में अलीरेज़ा फ़रिोज़जा और जान-क्रिस्टोफ़ डुडा में चार-चार अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। इयान नेपोम्नियात्ची ने ग्रुप सी में चार अंकों के साथ एकल बढ़त हासिल कर ली है।

विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनीश गिरी के खिलाफ दो ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। दोनों खिलाड़ी ग्रुप सी में दो-दो अंकों के साथ तीसरे स्थान हैं। फास्ट क्लासिकल प्रारूप में प्रत्येक खिलाड़ी को 45 मिनट का समय मिलता है। पहली चाल से प्रत्येक चाल पर 30 सेकंड का अतिरिक्त समय जुड़ता जाता है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav