नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और विश्व में सद्भाव, सौहार्द, सुख एवं शांति की कामना की. राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, ‘‘गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर, मैं भारत और विदेश में रह रहे सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं.’’ उन्होंने कहा कि गणेश चतुर्थी का यह त्योहार बुद्धि, समृद्धि और सौभाग्य के प्रतीक भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है. भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलमूर्ति माना जाता है. मुर्मू ने कहा, ‘‘ आइए, हम सब इस अवसर पर प्रार्थना करें कि भगवान गणेश की कृपा से समूचे विश्व में सद्भाव और सौहार्द का संचार हो और सुख एवं शान्ति का वातावरण बना रहे.’’
जाति, पंथ, धर्म या क्षेत्र की सीमाओं से परे है गणेश चतुर्थी: उपराष्ट्रपति धनखड़
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह त्योहार भारत की समग्र संस्कृति का प्रतिनिधित्व करता है और जाति, पंथ, धर्म या क्षेत्र की सीमाओं से परे है. उन्होंने अपने संदेश में कहा कि पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाई जाने वाली गणेश चतुर्थी ज्ञान व समृद्धि के देवता भगवान गणेश का जन्मदिन है.
उन्होंने कहा कि हर शुभ काम की शुरुआत भगवान गणेश के नाम से की जाती है, जो भारत की सांस्कृतिक परंपरा में बहुत सम्मानित स्थान रखते हैं. धनखड़ ने कहा, ”भारत की समग्र संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने वाला गणेश चतुर्थी का त्योहार जाति, पंथ, धर्म या क्षेत्र की सीमाओं से परे है. इस अवसर पर मैं अपने सभी देशवासियों के अच्छे स्वास्थ्य और सुखी व समृद्ध जीवन की कामना करता हूं.”