राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि देश की युवा पीढ़ी प्राचीन समुद्री व्यापारियों के साहस और कौशल से बहुत कुछ सीख सकती है। उन्होंने लोगों से अतीत से प्रेरणा लेकर वर्तमान को बेहतर बनाने और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का आह्वान किया।
राष्ट्रपति ओडिशा के कटक में बाली जात्रा
महोत्सव-2026 को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि बाली जात्रा ओडिशा के गौरवशाली इतिहास का उत्सव मनाने वाला एक अनूठा महोत्सव है। श्रीमती मुर्मु ने कहा कि उड़ीसा के व्यापारी प्राचीन समय में व्यापार के लिए दूर-दराज के देशों की यात्रा करते थे। उन्होंने व्यापार के माध्यम से देश के लिए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। उन्होंने नए समुद्री मार्गों की खोज की और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत बनाया।
राष्ट्रपति ने कहा कि ओडिशा और बाली के बीच ऐतिहासिक संबंधों को आधुनिक व्यापारिक और सांस्कृतिक सहयोग में बदला जा सकता है।उन्होंने इस वर्ष बाली जात्रा में इंडोनेशिया के सांस्कृतिक दलों की भागीदारी और बाली में उड़ीसा महोत्सव के आयोजन पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। इस महोत्सव में उड़ीसा के नृत्य-संगीत, हथकरघा, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों को प्रदर्शित किया जा रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आदान-प्रदान से भारत और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक संबंध और मजबूत होंगे।
श्रीमती मुर्मु ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का कद बढ़ा है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में अशांति और वैश्विक अर्थव्यवस्था में अस्थिरता के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। यह विकसित भारत बनने की दिशा में देश की प्रगति का एक उत्साहजनक संकेत है।