उप्र में पिछली सरकारें भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार में लिप्त थीं: आदित्यनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 Feb 2024 07:51 PM
उप्र में पिछली सरकारें भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार में लिप्त थीं: आदित्यनाथ
ऑडियो सुनें

मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यहां शुकतीर्थ बांगर से ग्राम परिक्रमा यात्रा की शुरुआत करते हुए पूर्ववर्ती सरकारों पर जमकर प्रहार किया. मुख्­यमंत्री आदित्­यनाथ ने आरोप लगाया, ”पहले की सरकारें सरकारी नौकरियों में डाका डालती थी, अपने भाई, भतीजों और परिवार के लोगों को सरकारी नौकरियों में भर्ती करती थी और प्रदेश का नौजवान ठगा सा रह जाता था.” सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में लगभग 60 हजार नागरिक पुलिस आरक्षियों की बिना भेदभाव के भर्ती हो रही है.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा द्वारा निकाली जा रही ग्राम परिक्रमा यात्रा का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए आदित्­यनाथ ने कहा कि यह यात्रा नौ संकल्पों को लेकर चल रही है, जिसमें जल संरक्षण, डिजिटल भुगतान, स्वच्छता अभियान, ‘वोकल फॉर लोकल’, घरेलू पर्यटन, जैविक खेती, मिलेट्स, ग्रामीण खेल, स्वास्थ्य और आर्थिक रूप से वंचित किसानों की मदद शामिल है. उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को सभी नौ संकल्पों के बारे में जागरूक किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने शुकतीर्थ बांगर से ग्राम परिक्रमा यात्रा में सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा, ”पिछले वर्ष का 99 प्रतिशत से ज्यादा गन्ना मूल्य का भुगतान किया जा चुका है. प्रदेश में क्रियाशील 119 चीनी मिल में से 105 चीनी मिलें 10 दिन से कम समय में गन्ना किसानों का भुगतान कर रही हैं.”

उन्होंने किसानों को भरोसा देते हुए कहा, ”बाकी बची मिलों पर दबाव बनाया जा रहा है. ‘डबल इंजन’ की सरकार अन्नदाता किसान की मेहनत का पैसा दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.” मुख्­यमंत्री ने कहा, ”प्रदेश में भाजपा सरकार बनने की बड़ी वजह अन्नदाता किसान हैं. हमारे एजेंडे में किसान सबसे पहले हैं.” आदित्यनाथ ने कहा, ”पिछली सरकार में प्रदेश में आए दिन दंगे होते थे. मुजफ्फरनगर का दंगा कई महीनों तक चला था, उसे कोई नहीं भूल सकता है.” मुजफ्फरनगर में 2013 में दंगा हुआ था.

उन्होंने दावा किया, ”डबल इंजन की सरकार जो कहती है, वो करके दिखाती है. 2017 में हमने आपसे सुरक्षा वादा किया था. आज पूरा प्रदेश सुरक्षित है और समृद्धि की ओर बढ़ रहा है.” आदित्यनाथ ने कहा, ”आज मुजफ्फरनगर की पहचान उसके जैविक गुड़ के कारण हो रही है. यहां का गुड़ प्रदेश ही नहीं वरन देश दुनिया में अपनी मिठास घोल रहा है.” कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, केंद्रीय पशुपालन राज्य मंत्री संजीव कुमार बलियान, उत्तर प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल समेत कई प्रमुख लोग शामिल हुए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu