एनसीसी की रैली में बोले प्रधानमंत्री मोदी रैली, महिला कैडेट्स की संख्या उत्साह बढ़ाने वाली

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 28 Jan 2026 05:37 PM
एनसीसी की रैली में बोले प्रधानमंत्री मोदी रैली, महिला कैडेट्स की संख्या उत्साह बढ़ाने वाली

ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार (28 जनवरी) को राजधानी दिल्ली के करियप्पा परेड ग्राउंड में आयोजित वार्षिक नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) पीएम रैली में शामिल हुए। पीएम मोदी के साथ इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान पीएम मोदी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपने विचार रखे।

अजित पवार को दी श्रद्धांजलि
सभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने अजित पवार को श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, ‘आज सुबह महाराष्ट्र में एक दुखद विमान हादसा हुआ है। इस हादसे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार जी और हमारे कुछ दोस्तों को हमसे छीन लिया है। अजीत दादा ने महाराष्ट्र और देश के विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने हमेशा सक्रिय होकर काम किया। मैं अजीत पवार जी के परिवार और आज जान गंवाने वाले अन्य लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।

NCC एक ऐसा आंदोलन है, जो…’

एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि, ‘मैं यहां मौजूद सभी कैडेट्स और मित्र देशों से आए कैडेट्स और अधिकारियों का अभिनंदन करता हूं। इस बार भी यहां बहुत बड़ी संख्या में गर्ल्स कैडेट्स आई हैं। मैं उनका विशेष रूप से अभिनंदन करता हूं। NCC एक ऐसा आंदोलन है, जो भारत की युवा शक्ति को आत्मविश्वासी बनाता है। अनुशासित बनाता है। संवेदनशील बनाता है और राष्ट्र के लिए समर्पित बनाता है।’

यह आयोजन एक महीने तक चलने वाले वार्षिक एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर के समापन का प्रतीक है। जिसमें देश भर से 2406 कैडेट्स ने हिस्सा लिया है, जिसमें 898 लड़कियां भी शामिल थीं। प्रधानमंत्री की रैली का विषय ‘राष्ट्र प्रथम – कर्तव्य निष्ठा युवा’ है, जो भारत के युवाओं में कर्तव्य, अनुशासन और राष्ट्रीय प्रतिबद्धता की भावना को दर्शाता है।

5 जनवरी को हुआ था औपचारिक उद्घाटन

दरअसल, यह रैली एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर 2026 के भव्य समापन का प्रतीक है, जिसका औपचारिक उद्घाटन 5 जनवरी को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने किया था। एनसीसी ने 3 जनवरी को घोषणा की थी कि इस वर्ष देश भर से 898 लड़कियों सहित 2,406 एनसीसी कैडेट वार्षिक शिविर में भाग ले रहे हैं। भूटान, श्रीलंका, ब्राजील, नेपाल और मलयेशिया सहित 20 से अधिक मित्र विदेशी देशों के 200 से अधिक कैडेट और अधिकारी भी इसमें भाग ले रहे हैं।

एक महीने तक चलने वाले इस शिविर में कई अंतर-निदेशालय प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम शामिल हैं, जैसे कि सर्वश्रेष्ठ कैडेट प्रतियोगिता, छोटे हथियारों से फायरिंग और ध्वज क्षेत्र डिजाइनिंग। राष्ट्रीय राजधानी के कर्तव्य पथ पर आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस परेड में पहले एक महिला मार्चिंग टुकड़ी, फिर एक संयुक्त बैंड और अंत में एक पुरुष मार्चिंग टुकड़ी शामिल थी।

पहली बार एनसीसी के दल के नेताओं ने सैन्य टुकड़ियों के सदस्यों के “समान” रूप से तलवार लेकर औपचारिक परेड में मार्च किया। इस अवसर पर, राष्ट्रीय रंगशाला और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सदस्यों, एनसीसी कैडेटों द्वारा एक जीवंत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा और चरित्र विकास में उनकी भूमिका को प्रदर्शित किया जाएगा।

बता दें कि पिछले एक महीने में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुखों सहित सरकार और सेना के विभिन्न नेताओं ने एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर में कैडेटों को संबोधित किया है।

By navabharat digital