प्रधानमंत्री मोदी आज केरल में महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम में करेंगे शिरकत

तृश्शूर (केरल): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को यानी आज तृश्शूर में महिला सश्क्तिकरण से जुड़े एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसे आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चुनावी बिगुल माना जा रहा है।

संसद के दोनों सदनों में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने पर मोदी को बधाई देने के लिए भाजपा की केरल इकाई ने थेक्किनकाडु मैदान में ‘तीन शक्ति मोदीकोप्पम’ नामक सम्मेलन का आयोजन किया है।

आंगनवाड़ी शिक्षकों, आशा कार्यकर्ताओं, उद्यमियों, कलाकारों, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न पृष्ठभूमि की महिलाओं के इस कार्यक्रम में भाग लेने की उम्मीद है।

हालांकि इस कार्यक्रम को महिलाओं की एक विशाल बैठक के रूप में योजनाबद्ध किया गया है लेकिन इसे केरल में राजनीतिक पैठ बनाने के प्रयास में आगामी आम चुनावों के लिए भाजपा द्वारा चुनाव अभियान की आधिकारिक शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

केरल की राजनीति में वर्तमान में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) का प्रभुत्व है।

भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने हाल ही में स्पष्ट किया था कि लोकसभा चुनाव से पहले अगले कुछ महीनों में और अधिक राष्ट्रीय नेता दक्षिणी राज्य का दौरा करेंगे और लोगों से संवाद स्थापति करेंगे।

तृश्शूर को सामूहिक कार्यक्रम स्थल के रूप में चुना जाना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह उन निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है जहां भाजपा को आगामी चुनावों में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख के सुरेंद्रन ने कहा है कि तृश्शूर में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं होंगी, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली प्रमुख हस्तियां भी शामिल हैं।

सुरेंद्रन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अभिनेत्री-नृत्यांगना शोभना, क्रिकेटर मिन्नू मणि, उद्यमी बीना कन्नन, गायिका वाईकॉम विजयलक्ष्मी और भ्रष्टाचार एवं लालफीताशाही के खिलाफ आवाज उठाने वाली मारियाकुट्टी उन लोगों में शामिल होंगी जो प्रधानमंत्री के साथ कार्यक्रम स्थल साझा करेंगी।’’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button