Allu Arjun: भगदड़ मामले में अल्लू अर्जुन को मिलीं कई छूट, विदेश यात्रा की भी अनुमति

हैदराबाद के नामपल्ली कोर्ट ने अभिनेता अल्लू अर्जुन को ‘पुष्पा 2’ फिल्म की प्रीमियर के दौरान हुई भगदड़ मामले में कई राहतें दी हैं। अभिनेता को पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में वह जमानत पर रिहा हो गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अल्लू अर्जुन को चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में हर रविवार को हाजिरी लगाने से छूट दी गई है। उनके कानूनी टीम ने सुरक्षा कारणों से अदालत में इसका अनुरोध किया था। इसके अलावा उन्हें विदेश यात्रा की अनुमति भी मिल गई है।

घटना में हुई थी महिला की मौत
बता दें कि 4 दिसंबर, 2024 को हैदराबाद के संध्या थिएटर में उस समय भगदड़ मच गई थी जब एक बड़ी भीड़ अल्लू अर्जुन को देखने के लिए जमा हो गई थी। स्थिति तब और बिगड़ गई जब अभिनेता अपनी कार से बाहर निकले और फैंस से मिलने के लिए उनका अभिवादन किया। इसके बाद वहां अफरातफरी मच गई । इस घटना में 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई और उनका आठ साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था जो अभी भी अस्पताल में भर्ती है।

मामले में गिरफ्तार भी हो चुके हैं अल्लू
घटना के बाद अल्लू अर्जुन को 13 दिसंबर, 2024 को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। गिरफ्तारी के तुरंत बाद उन्हें अंतरिम जमानत मिली थी। बाद में, 3 जनवरी, 2025 को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए कोर्ट में पेश होने के बाद उन्हें नियमित जमानत मिल गई थी। पहले कोर्ट ने उन्हें आदेश दिया था कि वह पुलिस स्टेशन में हर रविवार रिपोर्ट करें, जब तक कोई और आदेश न हो।

घायल बच्चे से हाल ही में की थी मुलाकात
कुछ दिन पहले 7 जनवरी को अल्लू अर्जुन ने घायल बच्चे से अस्पताल में मुलाकात की थी। साथ ही, उन्होंने बच्चे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की थी। हालांकि, उनकी रिहाई के बावजूद अल्लू अर्जुन के कानूनी परेशानियां खत्म नहीं हुए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस अधिकारी उनकी जमानत के खिलाफ याचिका दायर कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button