अमेठी से चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी : उप्र कांग्रेस अध्यक्ष राय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 18 Aug 2023 08:02 PM
अमेठी से चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी : उप्र कांग्रेस अध्यक्ष राय
ऑडियो सुनें

वाराणसी. उतर प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी राज्य के अमेठी लोकसभा से चुनाव लड़ेंगे. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के बाद अजय राय पहली बार अपने गृह जनपद वाराणसी पहुंचे जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों एवं फूल-माला के साथ उनका स्वागत किया.

संवादाताओं के यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ेंगे, राय ने कहा, “राहुल गांधी निश्चित रूप से अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, अमेठी के लोग यहां उपस्थित हैं.” प्रियंका गांधी वाद्रा के बारे में प्रदेश अध्­यक्ष ने जोर देकर कहा, “वह जहां से भी चुनाव लड़ेंगी, चाहे बनारस से, यहां का एक-एक कार्यकर्ता उनके लिए जान लड़ा देगा. हम उनका पूरा समर्थन करेंगे.” आम चुनाव में 2014 और 2019 के वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस के उम्­मीदवार रह चुके राय को दलित नेता बृजलाल खाबरी की जगह तत्काल प्रभाव से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है.

यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी नियुक्ति नरेंद्र मोदी के खिलाफ दो बार चुनाव लड़ने का इनाम है, उन्होंने कहा, “यह मेरे लगातार संघर्ष का नतीजा है. जेल किसने काटा, रासुका किसने झेला, हर मुद्दे पर इनकी (भाजपा) गलती कौन उजागर कर रहा है, वो अजय राय कर रहा है, अजय राय राहुल गांधी का ‘सिपाही’ है. भाजपा के खिलाफ पूरे प्रदेश में लड़ाई लड़ी जाएगी.ह्व अमेठी से 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी के मुकाबले जीत दर्ज करने वाली केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बारे में पूछे जाने पर राय ने कहा, ”वह बौखलाई हुई हैं.

स्मृति ने कहा था कि कमल का बटन दबाइये 13 रुपये किलो चीनी मिलेगा, क्या वे दिलवा पायी. अमेठी के लोग यहां हैं, उनसे पूछें. उन्हें (ईरानी) जवाब देना चाहिए कि 13 रुपये किलो चीनी कहां गई.” उन्­होंने कहा कि इस प्रदेश में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी, महंगाई के साथ ही लोगों को डराकर अपने साथ लेने का है. ये लोग (भाजपा) ईडी और सीबीआई का डर दिखा कर माहौल अपने पक्ष में करने का काम कर रहें हैं.

कांग्रेस नेता ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता और गांव-टोलों के कार्यकर्ता यहां खड़े हैं, कांग्रेस हर गांव में भाजपा को हराएगी, यह बिगुल बाबा विश्वनाथ और महादेव की धरती से बजा है. उन्होंने कहा कि न केवल 2024 बल्कि भविष्य के सभी चुनावों में कांग्रेस पार्टी का झंडा लहराएगा.

राय ने कहा कि राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी ने जो उनके ऊपर विश्वाश किया है, उस पर वे खरा उतरेंगे. राय 1996-2017 के बीच लगभग 20 वर्षों तक विधानसभा के सदस्य रहे और कांग्रेस में शामिल होने से पहले वह भाजपा और सपा में थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu