ED घेरे में राहुल-सोनिया, चार्जशीट पर बोले हरदीप पुरी- भ्रष्टाचार और ठगी का मामला

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 18 Apr 2025 11:17 AM
ED घेरे में राहुल-सोनिया, चार्जशीट पर बोले हरदीप पुरी- भ्रष्टाचार और ठगी का मामला
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय ने नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत कई अन्य के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। यह मामला साल 2013 में दर्ज की गई एक शिकायत पर आधारित है।

आरोप है कि एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड की संपत्ति में हेरफेर कर मनी लॉन्ड्रिंग को अंजाम दिया गया।

बीजेपी के नेता हरदीप सिंह ने कही ये बात

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता हरदीप सिंह पुरी ने इसे ठगी, भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग का खुला मामला बताया। गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुरी ने कहा, “मैं आप सभी के साथ नेशनल हेराल्ड केस को लेकर अपनी समझ साझा करना चाहता हूं, यह ठगी, भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग का बिल्कुल सीधा मामला है। कांग्रेस पार्टी ने अपने वकीलों के जरिए इस केस को बार-बार टालने और गुमराह करने की कोशिश की है।”

आगे उन्होंने कहा, “जब ईडी ने चार्जशीट दायर की तो कांग्रेस वाले कहने लगे कि यह राजनीतिक प्रतिशोध है और हम उनके खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। मैं उन्हें सलाह देना चाहता हूं कि वे सोच-समझकर अपनी बात कहें, क्योंकि वे अपने ही पार्टी कार्यकर्ताओं को गुमराह कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने नेताओं के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।”

“डर फैलाने और विपक्षी नेताओं की छवि को खराब करने का प्रयास”

वहीं, कांग्रेस नेता हरीश रावत ने सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी द्वारा चार्जशीट दाखिल करने को लोकतंत्र की हत्या का प्रयास बताया है। मीडिया चैनल से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि ईडी की चार्जशीट पूरी तरह से एक झूठ पर आधारित है। उन्होंने कहा, “यह लोकतंत्र की हत्या करने का एक प्रयास है।

सभी को नेशनल हेराल्ड और कांग्रेस के बीच के संबंधों के बारे में पता है और यह पूरी तरह से झूठ पर आधारित है। अगर किसी को कोई आपत्ति होती तो एक सिविल मुकदमा दायर किया जा सकता था लेकिन ईडी को इसमें शामिल करना डर फैलाने और विपक्षी नेताओं की छवि को खराब करने का प्रयास है।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital