भारत-ब्रिटेन रक्षा उद्योग संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से लंदन जायेंगे राजनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Jan 2024 08:02 PM
भारत-ब्रिटेन रक्षा उद्योग संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से लंदन जायेंगे राजनाथ
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रणनीतिक एवं सुरक्षा संबंधों को और मजबूत एवं बेहतर बनाने के उद्देश्य से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को ब्रिटेन की दो दिवसीय यात्रा पर जायेंगे. दोनों देशों की बीच लड़ाकू विमानों एवं अन्य सैन्य मंचों को संयुक्त रूप से विकसित करने के लिए संभावित सहयोग पर चर्चा होगी.

रक्षा मंत्रालय ने यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि सिंह और ब्रिटिश रक्षा मंत्री ग्रांट शाप्स के बीच रक्षा, सुरक्षा एवं औद्योगिक सहयोग के क्षेत्र में व्यापक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है. मंत्रालय ने रविवार को कहा कि सिंह के ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और विदेश मंत्री डेविड कैमरन से भी मुलाकात करने की उम्मीद है. रक्षा मंत्री के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा जिसमें सेना के तीनों अंगों, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और रक्षा उत्पादन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे.

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “वह यूके रक्षा उद्योग के सीईओ और उद्योग जगत के नेताओं के साथ भी बातचीत करेंगे और वहां भारतीय समुदाय से मिलेंगे.” मामले से परिचित लोगों ने कहा कि रक्षा मंत्री शाप्स के साथ सिंह की बातचीत मुख्य रूप से महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी को साझा करने और द्विपक्षीय औद्योगिक रक्षा सहयोग के विस्तार पर केंद्रित होगी. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के लड़ाकू विमानों और अन्य सैन्य मंचों के संयुक्त विकास में सहयोग पर चर्चा करने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि सिंह और शाप्स के हिंद-प्रशांत, पश्चिम एशिया और यूक्रेन की स्थिति पर भी चर्चा करने की उम्मीद है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu