असल रैंचो ने प्रसव में महिला की मदद की, वीडियो कॉल पर डॉक्टर ने मार्गदर्शन किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 16 Oct 2025 09:12 PM
असल रैंचो ने प्रसव में महिला की मदद की, वीडियो कॉल पर डॉक्टर ने मार्गदर्शन किया
ऑडियो सुनें

मुंबई. शहर के एक जागरूक और चौकस व्यक्ति ने चलती लोकल ट्रेन में प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला को रेलवे प्लेटफॉर्म पर बच्चे को जन्म देने में मदद की. इस दौरान एक डॉक्टर ने वीडियो कॉल के जरिए उसका मार्गदर्शन किया. वीडियो कैमरामैन विकास बेदरे (27) मंगलवार रात करीब एक बजे लोकल ट्रेन में यात्रा कर रहे थे, तभी बगल वाले डिब्बे में बैठी एक महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. इस समय ट्रेन उत्तरी मुंबई के राम मंदिर स्टेशन के पास पहुंची थी. उपनगर विरार निवासी 24 वर्षीय महिला (अंबिका झा) अपने भतीजे और भतीजी के साथ यात्रा कर रही थीं.

इसके बाद प्रत्यक्षर्दिशयों में से एक ने पूरे घटनाक्रम के बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की. इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में मंजीत ढिल्लों ने कहा कि उस व्यक्ति ने महिला को तेज दर्द में देखा और ट्रेन रोकने के लिए तुरंत ट्रेन की आपातकालीन चेन खींच दी.
ढिल्लों ने लिखा, ”यह आदमी वाकई बहादुर है- उसको शब्दों में बयां नहीं कर सकते. बच्चा आधा बाहर आ चुका था, आधा अंदर और आधा बाहर. ऐसा लगा जैसे भगवान ने उस व्यक्ति को किसी मकसद से वहां भेजा हो.” बेदरे ने बताया कि उस व्यक्ति ने तुरंत अपनी दोस्त महिला चिकित्सक देविका देशमुख को फोन किया जिसने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए वीडियो कॉल पर उसे प्रसव की प्रक्रिया के बारे में बताया.

चिकित्सक ने बृहस्पतिवार को एक मराठी समाचार चैनल से कहा, ”मेरे दोस्त ने प्लेटफॉर्म पर एक चाय की दुकान से किसी तरह एक कैंची ली. उसने प्रसव की तैयारी में मदद के लिए कुछ चादरें भी एकत्र कीं.” बेदरे को विमान में सवार होना था, लेकिन मदद के लिए वहीं रुक गए. बेदरे ने कहा, ”मैं बहुत डरा हुआ था, लेकिन देविका की मदद ने मुझे हिम्मत दी. उसके मार्गदर्शन की वजह से ही मैं प्रसव करा सका.” जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं.

ढिल्लों ने प्लेटफॉर्म पर हुई इस घटना का एक वीडियो साझा किया, जिस पर कई प्रतिक्रियाएं मिलीं. कुछ लोगों ने बेदरे की ‘असल जिंदगी का रैंचो’ (फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ का एक किरदार) बताकर प्रशंसा की. बेदरे की सूझबूझ का वर्णन करते हुए ढिल्लों ने लिखा, ”हम सभी ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की. हमने कई चिकित्सकों को फोन किया, लेकिन एम्बुलेंस आने में काफी समय लग रहा था. आखिरकार एक महिला चिकित्सक ने वीडियो कॉल पर उसका मार्गदर्शन किया और उसने ठीक वैसा ही किया जैसा उसने बताया था.

उस वक्त उसकी हिम्मत को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता.” ढिल्लों ने यह दावा भी किया कि महिला का परिवार उसे पास के एक अस्पताल में ले गया था, लेकिन उन्हें बताया गया कि वहां प्रसव संभव नहीं है, इसलिए महिला को ट्रेन से वापस लाना पड़ा था.
राकांपा (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने बृहस्पतिवार को विकास बेदरे को सम्मानित किया, जो पवार के निर्वाचन क्षेत्र कर्जत जामखेड से हैं.

विधायक ने कहा कि बेदरे ने अपने नेक काम से महाराष्ट्र के साथ-साथ कर्जत जामखेड को भी गौरवान्वित किया है. राजकीय रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रसव के बाद महिला के रिश्तेदार उसे एक निजी एम्बुलेंस में सरकारी कूपर अस्पताल ले गए.
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) विधायक रोहित पवार ने बृहस्पतिवार को विकास बेदरे को सम्मानित किया, जो पवार के निर्वाचन क्षेत्र कर्जत जामखेड से हैं. विधायक ने कहा कि बेदरे ने अपने नेक काम से महाराष्ट्र के साथ-साथ कर्जत जामखेड को भी गौरवान्वित किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu