लाल किला विस्फोट : आतंकी मॉड्यूल से जुड़ी एक और कार अल फलाह विश्वविद्यालय में मिली

चंडीग­ढ़. दिल्ली में शक्तिशाली विस्फोट के संदिग्धों से कथित तौर पर जुड़ी एक और कार बृहस्पतिवार को फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय में खड़ी मिली. पुलिस ने यह जानकारी दी. फरीदाबाद पुलिस ने कहा, ”जम्मू-कश्मीर पुलिस धौज स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय में एक संदिग्ध (मारुति) ब्रिजा कार की जांच कर रही है.” सूत्रों ने बताया कि हरियाणा में पंजीकृत यह वाहन विश्वविद्यालय की पार्किंग में मिला. सूत्रों ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद कई अन्य वाहनों की भी जांच की जा रही है और उनके स्वामित्व के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

सोमवार शाम को दिल्ली के लाल किले के पास एक सफेद हुंदै आई20 कार में विस्फोट होने के बाद, जांचकर्ताओं ने बुधवार को फरीदाबाद के खंडावली गांव में एक दूसरे वाहन – लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार – का पता लगाया, जिसका संबंध आतंकी मॉड्यूल से था. सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार शाम फरीदाबाद के खंडावली गांव से कार जब्त किए जाने के बाद बम निरोधक दस्ता निरीक्षण के लिए पहुंचा.

अधिकारियों ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस ने एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है जिसने कथित तौर पर गांव में कार खड़ी की थी और उसे दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है. इससे पहले दिल्ली पुलिस ने लाल फोर्ड इकोस्पोर्ट का पता लगाने के लिए सभी पुलिस थानों, पुलिस चौकियों और सीमा चौकियों पर अलर्ट जारी कर दिया था.

जांच में यह खुलासा होने के बाद अलर्ट जारी किया गया कि संदिग्धों ने आईईडी ले जाने के लिए तीन कारें – एक सफेद हुंदै आई20, एक लाल इकोस्पोर्ट और एक मारुति सुजुकी ब्रिजा खरीदी थीं. सूत्रों ने बताया कि फोर्ड इकोस्पोर्ट डॉ. उमर नबी के नाम पर पंजीकृत है, जो कथित तौर पर हुंदै आई20 कार चला था जिसमें विस्फोट हुआ. उन्होंने बताया कि उमर ने लाल किला क्षेत्र की टोह लेने के लिए इकोस्पोर्ट का इस्तेमाल किया था.

अधिकारियों ने सोमवार को जम्मू कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फैले आतंकवादी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े एक ”सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल” का भंडाफोड़ किया. उन्होंने 2,900 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ ज.ब्त किया और फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय से जुड़े तीन चिकित्सकों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया. इसके कुछ घंटे बाद लाल किला मेट्रो स्टेशन के भीड़भाड़ वाले इलाके में एक धीमी गति से चल रही कार में एक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. बृहस्पतिवार को हुए डीएनए परीक्षण से पुष्टि हुई कि विस्फोट वाली कार डॉ. उमर ही चला रहा था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button